प्रधानमंत्री ने की सांसद के युवा संवाद की तारीफ
बुलंदशहर। युवा मतदाताओं को मतदान के लिए जागरूक करने के लिए सांसद डॉ. भोला सिंह के संवाद कार्यक्रम की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तारीफ की है। प्रधानमंत्री ने ट्वीट करते हुए कहा कि ऐसे संवाद से युवा मतदाताओं में जागरुकता आती है और वह मतदान के लिए प्रेरित होते हैं।
तीन दिन पहले सांसद डॉ. भोला सिंह ने नरौरा में युवा मतदाताओं को जागक करने के लिए कार्यक्रम का आयोजन किया था। सांसद ने युवाओं को बताया था कि उनका एक-एक मत देश के हित में जाता है। यदि वह मतदान नहीं करते हैं तो उनके पसंद के नेता चुनाव नहीं जीत पाएंगे। साथ ही बताया था कि लोकतंत्र में मतदान इतना जरूरी है जितना देश में विकास। कार्यक्रम के आयोजन के बाद सांसद ने इसके कुछ फोटो ट्वीट किए। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सांसद के ट्वीट को री ट्वीट किया और इस कार्य के लिए सांसद का आभार व्यक्त किया। साथ ही अन्य जनप्रतिनिधियों से भी आह्वान किया कि अधिक से अधिक लोगों को मतदान के लिए जागरुक किया जाए।