घर में घुसकर बदमाश ने की लूटपाट, वृद्धा को मारा चाकू
ऊंचागांव। गांव प्याना खुर्द निवासी वृद्ध महिला के घर में घुसे बदमाश ने लूटपाट की। आरोपी ने महिला कुंडल लूट लिए और महिला के द्वारा नकदी की जानकारी न देने पर आरोपी ने चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, मामले में अभी तहरीर न मिलने के कारण एफआईआर दर्ज नहीं हो सकी है।
नरसेना थाना क्षेत्र के गांव प्याना खुर्द निवासी फातमा (86) गांव में अकेली रहती हैं। उन्होंने बताया कि शुक्रवार रात को वह घर पर खाना खाने के बाद सो गई थीं। देर रात में कुछ बदमाशों ने उनका दरवाजा खटखटाया। जिसके बाद उन्होंने दरवाजा खोल दिया। इसके बाद हथियारबंद बदमाश घर में घुस आए और महिला को हथियारों के बल पर डराना धमकाना शुरू कर दिया। आरोप है कि इस दौरान बदमाशों ने उसके कानों से कुंडल लूट लिए और वृद्धा से घर में रखी नकदी की जानकारी हासिल करनी चाही। लेकिन, पीड़िता ने जानकारी नहीं दी तो आरोपियों ने चाकू की बट से महिला के सिर पर करीब आठ से दस बार वार किए। जिससे महिला लहुलुहान हो गई और अचेत होकर जमीन पर गिर गई। इसके बाद बदमाश घर की तलाशी लेकर घर में रखे करीब तीन हजार रुपये भी लूट कर भाग निकले। शनिवार सुबह दरवाजा खुला देख कर एक युवक ने घर के अंदर जा कर देखा तो खून से लतपथ फातमा जमीन पर पड़ी मिली। युवक ने ग्रामीणों व घायल महिला के परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को सीएचसी ऊंचागांव पर उपचार के लिए भर्ती कराया। जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद महिला को गंभीर हालत में हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया।
कोट
मामले में तहरीर नहीं मिली है। तहरीर के आधार पर बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। घायलावस्था में वृद्धा को प्राथमिक उपचार से हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया है। - सुरेंद्र नाथ तिवारी, एसपी सिटी