पूर्व मुख्यमंत्री का आपत्तिजनक फोटो वायरल
बुलंदशहर। प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती का आपत्तिजनक फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बुधवार को बसपा के पदाधिकारियों ने एसएसपी को शिकायत देकर आरोप लगाया कि कमल सैनी नामक फेसबुक आईडी पर इस फोटो को अपलोड किया है। उन्होंने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
बसपा के पदाधिकारी प्यारेलाल जाटव के नेतृत्व में कार्यकर्ता एसएसपी के कैंप कार्यालय पर पहुंचे। इस दौरान प्यारे लाल जाटव ने आरोप लगाया कि फेसबुक पर कमल सैनी नाम से बनाई गई एक आईडी पर पूर्व मुख्यमंत्री मायावती का आपत्तिजनक फोटो अपलोड किया गया है। इस फोटो को कुछ लोगों ने शेयर भी किया है। इससे न केवल पार्टी प्रमुख बल्कि पार्टी की छवि भी खराब हो रही है। चुनाव के समय में इस प्रकार की गतिविधियों के माध्यम से चुनाव को प्रभावित करने का भी प्रयास किया जा रहा है। सत्यदेव गौतम ने मांग की कि आरोपी की जांच कराते हुए आपत्तिजनक फोटो बनाने और इसे सोशल मीडिया पर अपलोड करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।