बॉयलर हादसा: फैक्टरी मालिक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
सिकंदराबाद। फैक्टरी में लगे बॉयलर में तकनीकि खराबी के बाद भी मजदूरों से काम कराने वाले फैक्टरी मालिक के खिलाफ लापरवाही की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। मृत कर्मचारी के भाई ने आरोप लगाते हुए फैक्टरी मालिक के खिलाफ सिकंदराबाद थाने में तहरीर दी। साथ ही आरोप लगाया कि बॉयलर खराब होने के बाद भी फैक्टरी मालिक उनसे काम करा रहा था। जबकि इस बारे में कई बार मालिक से शिकायत भी की गई थी।
खानपुर क्षेत्र के गांव चटहेरा निवासी बिजेंद्र सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसका छोटा भाई 42 वर्षीय गजेंद्र औद्योगिक क्षेत्र के प्लाट नंबर आर 24 स्थित जयबाबा इंडस्ट्रीज में नौकरी करता था। फैक्टरी में कपड़ों की रंगाई का कार्य किया जाता है। शनिवार की दोपहर करीब 3.30 बजे फैक्टरी का बॉयलर फट गया। हादसे में उसके भाई गजेंद्र और ऊंचागांव निवासी 18 वर्षीय सचिन की मौत हो गई थी। बिजेंद्र ने बताया कि फैक्टरी के कर्मचारियों ने मालिक को बताया था कि बॉयलर में तकनीकि खराबी आई है, लेकिन मजदूरों के शिकायत करने के बाद भी कंपनी के मालिक कृष्ण राघव ने जानबूझकर उसे ठीक नहीं कराया। आरोप लगाया कि खराब बॉयलर पर काम करने के दौरान हादसा होने की आशंका होने के बाद भी जबरन मजदूरों से खराब बॉयलर पर काम कराया जाता रहा। फैक्टरी मालिक की लापरवाही के कारण ही उसके भाई गजेंद्र और सचिन की मौत हो गई। कोतवाली प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि बिजेंद्र की तहरीर पर आरोपी फैक्टरी मालिक कृष्ण राघव के खिलाफ लापरवाही की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।