बारिश में खुली पालिका की पोल, हुआ जलभराव
बुलंदशहर। बारिश होने से आधा शहर फिर पानी-पानी हो गया। शुक्रवार रात और शनिवार सुबह हुई बारिश से अधिकांश स्थानों पर नाला चोक होने से जलभराव की समस्या बनी रही। वहीं, बारिश होने के बाद कुछ स्थान ताल तलैया बने नजर आए।
नालों की उचित साफ-सफाई न होने और नाला निर्माण का कार्य पूर्ण न होने से नगरवासियों को बारिश के दौरान परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। पालिका नालों और नालियों की साफ-सफाई पर प्रतिमाह लाखों रुपये खर्च कर रही है। वहीं, नालों में कूड़ा जाने से बचाने के लिए पट लगाई जा चुकी है। इसके बावजूद जरा सी बारिश में नाला चोक होने की समस्या बन जाती है और गली-मोहल्लों से लेकर सड़कों तक जलभराव हो जाता है। पूर्व में हुई बारिश के बाद जलभराव की समस्या बन जाने पर भी पालिका अफसर कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे हैं। इससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जिला अस्पताल के सामने, कालाआम चौराहा, कलक्ट्रेट गेट, शनिदेव मंदिर रोड, कचहरी, डीएम रोड, ईदगाह रोड, साठा, राधानगर, आनंद विहार, देवीपुरा, स्याना बस अड्डा, काली नदी रोड, धमैड़ा अड्डा, शिवपुरी और टीचर्स कालोनी समेत अन्य स्थानों पर शुक्रवार रात और शनिवार सुबह जलभराव की समस्या बनी रहीं। इस दौरान संबंधित कालोनी और क्षेत्र के लोगों को निकलने में परेशानियों का सामना करना पड़ा और मजबूरन गंदे पानी के बीच से गुजरे। इसके अलावा रेलवे अंडरपास में भी जलभराव की समस्या बनी रही।
पालिका ईओ = कुछ स्थानों पर जलभराव की समस्या संज्ञान में है। जिला अस्पताल के सामने सड़क पर जलभराव होने पर जलनिकासी के लिए व्यवस्था की जाएगी। कालाआम चौराहे पर भी निर्माण कार्य होना है। बारिश के समय कुछ समय तक जलभराव की समस्या रहना आम बात हैं।