गर्भपात कराने से परेशान नवविवाहिता ने की आत्महत्या
स्याना। नवविवाहिता ने ससुरालीजनों के उत्पीडन से तंग आकर बुधवार देर शाम चिंगरावठी गांव स्थित मायके में आत्मदाह कर लिया। आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालीजनों ने बीते दिनों उसका गर्भपात करा दिया था। मांग पूरी न होने तक मां न बनने देने की धमकी दी थी।
चिंगरावठी निवासी प्रमोद कुमार ने स्याना थाने में तहरीर देकर बताया कि उसने अपनी पुत्री अंजली की शादी गत 24 मई को बीबीनगर क्षेत्र के गांव खैरपुर निवासी विकास उर्फ विक्की के साथ की थी। हैसियत से अधिक दान दहेज भी दिया, लेकिन ससुरालीजन उससे संतुष्ट नहीं थे। मांग पूरी न होने पर पुत्री का उत्पीड़न किया जा रहा था। कई बार समझाने के बावजूद मांगों पर डटे रहे। सितंबर माह में वह गर्भवती हुई थी। जिसके बाद ससुरालीजनों ने उसका गर्भपात करा दिया। इसके बाद धमकी दी थी कि जब तक दहेज की मांग पूरी नहीं होती उसे मां नहीं बनने दिया जाएगा। ससुरालीजनों के अत्यधिक उत्पीडन से तंग आकर एक पहले वह मायके आ गई थी। ससुरालीजनों के मानसिक और शारीरिक उत्पीडन से तंग आकर बुधवार देर शाम उसने अपने ऊपर तेल छिड़ककर आग लगा ली, जिससे उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस व फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी पति विकास, ससुर रविंद्र, ननद ट्विंकल, देवर सचिन और नितिन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।