कैलाश खेर के सूफियाना गीतों पर थिरके दर्शक
बुलंदशहर। जिला प्रदर्शनी में सोमवार की रात मखमली आवाज के मालिक सूफी गायक पद्मश्री कैलाश खेर के नाम रही। उनके सूफियाना गीतों का ऐसा जादू चला कि देर रात तक दर्शक थिरकते रहे और पूरा पांडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा। मंच पर कदम रखते ही उन्होंने बाहुबली फिल्म का हिट गीत, भागीरथी तेरी तरफ शिवजी चले... गाया। इसके बाद तेरे नाम से जी लूं, तेरे नाम से मर जाऊं सुनाया तो पूरा माहौल ही सूफियाना हो गया।
जिला प्रदर्शनी के ओपन स्टेज पर आयोजित हुई बॉलीवुड नाइट का शुभारंभ मंडलायुक्त सुरेंद्र सिंह, डीएम सीपी सिंह, एसएसपी संतोष कुमार सिंह, एडीएम प्रशासन डॉ. प्रशांत भारती, एडीएम वित्त एवं राजस्व विवेक कुमार मिश्र, एसपी सिटी सुरेंद्र नाथ तिवारी, नगर मजिस्ट्रेट मीनू राणा और प्रदर्शनी सदस्य मुकुल शर्मा आदि ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद बॉलीवुड नाइट में कैलाश खेर खनकती आवाज में एक गीत गाकर जैसे ही रुकते, सामने से दूसरे की फरमाइश आ जाती। बाहुबली का एक और गीत सिर चढ़कर बोला। यह था, क्या कभी अंबर से सूर्य बिछड़ता है। यह खत्म हुआ तो दर्शक वंस मोर-वंस मोर करने लगे। उन्होंने बाहुबली का ही एक और गीत पेश किया, जय जयकारा जय जयकारा, स्वामी देना साथ हमारा। कौन है वो कौन है वो और तेरी दीवानी पर भी दर्शक वाह-वाह करते रहे। कार्यक्रम के दौरान बार-बार दर्शक बबम बबम बम बम लहरी गाना सुनाने की मांग करते रहे। बाद में पार्श्व गायक द्वारा बबम बबम बम बम लहरी, अल्लाह के बंदे हंसदे, पंजाबियों दा ढोल बज दा और या रब्बा दे दे कोई जान भी अगर पर देर तक तालियां बजीं। उनके गीतों पर युवा मन के साथ महिलाएं और बच्चे भी जमकर थिरके। गीतों का यह सिलसिला देर रात तक चलता रहा। गीतों की इस महफिल में पुलिस-प्रशासन के अधिकारी परिवार के साथ आए थे।
मोबाइल में कैद करने को बेकरार दिखे युवा
पार्श्व गायक कैलाश खेर की सुरीली आवाज का हर कोई दीवाना बना रहा। जिसे कार्यक्रम में मौजूद दर्शकों ने अपने मोबाइल में भी कैद किया। कई दर्शक मंच के करीब तक पहुंचे और मोबाइल में वीडियो रिकॉर्डिंग व फोटो आदि कैद किए। आम दर्शकों के अलावा सुरक्षा में लगे पुलिस बल, प्रशासनिक अफसर और कर्मी भी कैलाश खेर के साथ सेल्फी लेने के लिए बेताब थे। इस दौरान पुलिस ने उन्हें रोका। सुरक्षा को लेकर पुलिस हर पल सतर्क रही।
युवतियां संग किया नृत्य
पार्श्व गायक कैलाश खेर ने मंच को बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ थीम को बढ़ाने के उद्देश्य से युवतियों को मंच पर बुलाकर नृत्य भी किया। इस दौरान जोवन ढलके गाने पर मंच पर युवतियों ने जमकर ठुमके लगाए। वहीं, कार्यक्रम के समापन से पूर्व बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ पर एक वीडियो के माध्यम से गाना भी पेश किया।
बुलंदशहर गंगा के किनारे बसा होने के कारण है बुलंद
पार्श्व गायक कैलाश खेर ने उत्तर प्रदेश की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह भगवान की जन्मस्थली रही है। ये ऐसी धरती है जहां प्रभु श्रीराम, प्रभु श्रीकृष्ण ने जन्म लिया। साथ ही अमीर खुसरो का भी प्रदेश में ही जन्म हुआ। बुलंदशहर गंगा किनारे बसा होने के कारण बुलंद रहता है। इस जनपद से पांडवों का इतिहास भी जुड़ा हुआ है। कहा कि पहली बार बुलंदशहर में प्रोग्राम कर रहा हूं। आशा करता हूं कि बार-बार यहां आऊं।