ग्रामीणों ने भैंस चोर समझ कर मनचले को पीटा
खानपुर। क्षेत्र के मनियाटिकरी में गांव वैरा फिरोजपुर निवासी एक मनचले को ग्रामीणों ने पशु चोर समझ कर पकड़ लिया। पशु चोर पकड़ने की सूचना पर दर्जनों ग्रामीण मौके पर आ गए और युवक की पिटाई कर दी। ग्राम प्रधान ने युवक को बमुश्किल ग्रामीणों के चंगुल से मुक्त करा पुलिस को सुपुर्द कर दिया।
गांव में एक पखवाड़े में दो स्थानों पर पशु चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। ग्रामीण दिन व रात दोनों समय समूह बनाकर पशुओं की रक्षा कर रहे हैं। शनिवार देर शाम वैरा फिरोजपुर निवासी एक मनचला युवक टाटा मैजिक से अपनी प्रेमिका के साथ जवासा गांव निवासी मामा के यहां भैंस छोड़ने जा रहा था। रास्ते में मनियाटिकरी गांव के घेर में गाड़ी खड़ी दी। बाहर सड़क पर पशु से भरी गाड़ी व घेर में अनजान युवक को अकेला देखकर ग्रामीणों को पशु चोरी का शक हो गया। धीरे धीरे काफी ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए और युवक को चारों तरफ से घेर कर पकड़ लिया। चोरी के शक में ग्रामीणों ने युवक की जमकर धुनाई कर डाली। बाद में ग्राम प्रधान बबलू सिंह व अन्य लोगों ने युवक को मुक्त करा कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। थाना प्रभारी शत्रुघ्न यादव ने बताया कि ग्रामीण में युवक को चोरी के शक में पकड़ लिया था। युवक को थाने ले आए हैं, पूछताछ की जा रही है।