बार चुनाव : उपाध्यक्ष और सह-सचिव पद के लिए मतदान 22 को
बुलंदशहर। डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष व सचिव पद के लिए बुधवार को मतदान हुआ। इसमें अध्यक्ष पद पर अधिवक्ता सुमन सिंह राघव और महासचिव पद पर जितेंद्र कुमार सिंह का चयन हुआ। अब बार के उपाध्यक्ष और सह-सचिव पद पर मतदान होना है। जिसकी रूपरेखा एल्डर्स कमेटी ने तैयार कर ली है।
डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन की एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन शिवदत्त शर्मा ने बताया कि बुधवार को बार के अध्यक्ष व महासचिव पद पर मतदान के बाद विजयी प्रत्याशियों की घोषणा हो चुकी है। वहीं, अब उपाध्यक्ष और सह-सचिव पद के लिए मतदान होगा। इसके लिए शुक्रवार को सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक नामांकन प्रक्रिया पूरी की जाएगी। साथ ही 18 दिसंबर को दोपहर 12 बजे से एक बजे नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया दोपहर एक बजे से तीन बजे तक की जाएगी। इसके बाद आगामी 22 दिसंबर को दोनों पदों पर मतदान होगा। मतदान सुबह दस बजे से शाम पांच बजे तक बार सभागार में होगा। मतदान के बाद देर शाम को ही मतगणना के बाद विजयी प्रत्याशियों की घोषणा भी की जाएगी। उपाध्यक्ष पद के लिए नौ हजार रुपये, सहसचिव पद के लिए सात हजार रुपये नामांकन शुल्क तय किया गया है। 1500 रुपये स्टेशनरी शुल्क निर्धारित किया गया है।