हड़ताल पर रहे बैंककर्मी, कैश के लिए भटकते रहे लोग
बुलंदशहर। बैंक कर्मियों की हड़ताल से दो दिन में एटीएम खाली हो गए। लोग पूरे दिन कैश के लिए इधर-उधर भटकते दिखाई दिए। बैंक अधिकारियों के मुताबिक, दो दिनों के हड़ताल से 700 करोड़ रुपये के लेनदेन प्रभावित हुआ।
शुक्रवार की सुबह बैंक कर्मियों ने नगर के मोतीबाग स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा पर प्रदर्शन कर नारेबाजी की। बाद में शहर में पदयात्रा निकालकर सभा की। बैंक कर्मियों ने एलान किया है यदि मांगें नहीं मानी गई तो अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। उधर, बैंक कर्मियों की हड़ताल की जानकारी न होने के कारण ग्राहकों को निराश होकर लौटना पड़ा।
यूनाईटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर बृहस्पतिवार से जिले के विभिन्न बैंक शाखाओं के कर्मियों ने सरकारी बैंकों के निजीकरण का विरोध किया। शुक्रवार को सभी बैंक कर्मियों ने मोतीबाग स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा पर एकत्रित होकर धरना दिया। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक के जिला संयोजक एवं सीबीओयू के क्षेत्रीय सचिव विक्रम सिंह राघव ने बताया कि सभी सरकारी बैंक लाभ में हैं, तो इन्हें बेचने अथवा निजीकरण की क्या जरूरत है। सरकार की मंशा साफ नहीं है। सरकारी बैंक ही सरकार की सभी नीतियां लागू करती हैं और देश के हर वर्ग को राष्ट्रीयकृत बैंकों पर भरोसा है। बताया कि अब बैंक संगठनों ने लंबी लड़ाई के लिए कमर कस ली है। हमारी एकता और संघर्ष के आगे सरकार को झुकना पड़ेगा। अगर सरकार ने हमारी मांग नहीं मानी तो अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा। इस दौरान प्रभात कुमार, तरुणवीर तोमर, भूपेश वशिष्ठ, वाईके शर्मा, आकांक्षा सिंह, मो. आबिद, अनुज कुमार, कुलभूषण चौधरी, मनोज चौधरी और विजय सिंह आदि बैंक कर्मी मौजूद रहे।
आंशिक रूप से खुलेंगे, आधे कर्मी रहेंगे अवकाश पर
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक के जिला संयोजक विक्रम सिंह राघव ने बताया कि शनिवार को बैंक आंशिक रूप से खुलेंगे। लेकिन इसमें करीब 50 फीसदी कर्मी के ड्यूटी पर लौटने से कामकाज प्रभावित रह सकता है। वहीं, नगर के अलावा खुर्जा, शिकारपुर, अनूपशहर, ऊंचागांव, औरंगाबाद, आदि जगह एटीएम बंद रहने से उपभोक्ताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
पीएनबी : नगर के पुराने रोडवेज बस अड्डे के पास पंजाब नेशन बैंक का एटीएम कैशलेस नजर आया। इस दौरान एटीएम का शटर खुला होने के चलते लोग आते रहे और एटीएम के कैशलेस होने पर मायूस होकर वापस लौट गए।
इंडियन बैंक : नगर के पुरानी जेल परिसर के सामने इलाहाबाद बैंक जो इंडियन बैंक में विलय हो चुका है। दो दिवसीय बैंक कर्मियों की हड़ताल के चलते एटीएम पहले दिन ही खाली हो गया।
पीएनबी : नगर के पुरानी जेल परिसर के सामने पीएनबी बैंक की सिविल लाइन शाखा स्थित है, जिसके बाहर एटीएम लगा हुआ है। शुक्रवार को बैंकों की हड़ताल के कारण एटीएम कैशलेस नजर आया। इससे उपभोक्ताओं को मायूस होकर लौटना पड़ा।
नहीं मिला कैश, एटीएम रहे खाली
आवश्यक कार्य के लिए एटीएम पर रुपये निकालने के लिए आया था। बैंक कर्मियों की हड़ताल के कारण एटीएम भी खाली नजर आया।
- सिद्धार्थ भारद्वाज
जरूरत थी रुपये की, लौटना पड़ा बैरंग
रुपये की जरूरत थी। यहां आने पर पता चला कि बैंक कर्मी हड़ताल पर हैं। धन निकासी के लिए एटीएम पर गया तो यहां से भी बैरंग लौटना पड़ा।
- गौरव चौधरी
बैंक हड़ताल से नहीं दे सका पैसा
किसीे को जरूरत पड़ने पर नकदी देने का वादा किया था, लेकिन बैंकों में हड़ताल के कारण अपना वादा पूरा नहीं कर सका।
- धर्मवीर सिंह
घर का सामान खरीदना था, नहीं निकला पैसा
घर का सामान ले जाने के लिए जरूरत पड़ने पर रुपये निकालने बैंक आया था। लेकिन बैंक और एटीएम बंद होने से निकासी नहीं कर सका।
- लाइक अहमद
हड़ताल के दौरान एटीएम कैशलेस नहीं हो, इसके लिए शाखा प्रबंधकों को निर्देश दिया गया। कोशिश रही कि हड़ताल के दौरान लोगों को एटीएम से नकदी मिल सके। शुक्रवार को बैंक कर्मियों की हड़ताल के कारण जिले भर में लगभग 350 करोड़ रुपये का लेनदेन प्रभावित हुआ।
- अभिषेक गुप्ता, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक