पढ़ाई के लिए डांटा तो बीएससी के छात्र ने की खुदकुशी
ककोड़। घूमने से मना करने और पढ़ाई करने के लिए डांटने पर बीएससी के एक छात्र ने अपने घर में ही फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। छात्र की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। वहीं परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर ही छात्र का अंतिम संस्कार कर दिया। प्रकरण संज्ञान में आने के बाद पुलिस ने मामले में जांच की बात कही है।
बताया गया कि मंगलवार को उसकी दादी और बुआ ने छात्र को इधर उधर घूमने पर उसे डांटते हुए पढ़ाई करने के लिए कहा था। दादी और बुआ की डांट से क्षुब्ध होकर रात में किसी समय छात्र ने अपने कमरे में फंदा लगा लिया। सुबह देर तक कमरे से बाहर नहीं आने पर जब परिजनों ने उसका दरवाजा खटखटाया तो उसने दरवाजा नहीं खोला। परिजन किसी तरह दरवाजा तोड़कर कमरे के अंदर दाखिल हुए तो कमरे के अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए, छात्र फंदे से लटका हुआ था। परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं परिजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिए आननफानन में छात्र का अंतिम संस्कार कर दिया। थाना प्रभारी मिथिलेश कुमार उपाध्याय ने बताया कि छात्र की मौत के बाद मामले की जानकारी पुलिस को नहीं दी गई। मामला संज्ञान में आने पर जांच के दौरान प्रकाश में आया कि पढ़ाई के लिए दादी और बुआ के डांटने पर छात्र ने आत्महत्या की है। जांच के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पिता ने मंगलवार को ही दिलाई थी नई स्कूटी
छात्र के पिता एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते हैं और वह ड्यूटी पर गए हुए थे। बताया गया कि पिता ने कल ही उसे नई स्कूटी दिलाई थी। छात्र की मौत के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।