संवाद न्यूज एजेंसी
बुलंदशहर। देहात क्षेत्र के एक गांव निवासी विवाहिता को दहेज के लिए प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि जेठ ने कमरे में घुसकर छेड़छाड़ की। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने आरोपी पति, जेठ समेत पांच के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
कोतवाली देहात के अनूपशहर रोड स्थित एक गांव निवासी पीड़िता ने एसएसपी को शिकायत देकर बताया कि उनकी शादी 15 फरवरी 2013 को हापुड़ निवासी एक युवक के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद से ही दहेज के लिए उन्हें प्रताड़ित किया जाता था। आरोप है कि पति, सास, जेठ, ननद और नंदोई आए दिन कार के लिए ताने देते रहते थे। एक दिन आरोपी एक साथ बैठकर बात कर रहे थे और उन्हें बुलाते हुए कहा कि उन्हें रुपयों की आवश्यकता है और अपने बाप से 10 लाख रुपये लाकर दो। जब इससे इनकार किया तो आरोपियों ने उन्हें पीटा और कमरे में बंद कर दिया। वारदात के बाद आऱोपी जेठ उनके कमरे में पहुंचा और छेड़छाड़ की। जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने फिर से उन्हें पीटा।
आरोप लगाया कि मामले में कई बार पुलिस को शिकायत दी गई, लेकिन ननद के दिल्ली पुलिस और नंदोई के सेना में होने के चलते पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। 13 मई को आरोपी उन्हें लेकर मायके आए और रुपयों की मांग की। जब मायके पक्ष ने रुपये देने में असमर्थता जताई तो आरोपियों ने फिर उन्हें पीटा और घर छोड़कर फरार हो गए। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पति, सास, जेठ, ननद और नंदोई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। एसपी सिटी शंकर प्रसाद ने बताया कि मामले में जांच कराई जा रही है। जल्द ही आरोपियों की खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।