नर्स को कार में खींचकर अगवा करने की कोशिश
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र में आवास-विकास कॉलोनी के नजदीक तीन युवकों ने निजी अस्पताल में ड्यूटी कर लौट रही नर्स को गाड़ी में खींचने की कोशिश की। विरोध करने व असफल होने पर आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए धमकी दी। लोगों के पहुंचने पर आरोपी वहां से फरार हो गए। बाद में आरोपियों ने पीड़िता के घर में घुसकर उसके साथ अभद्रता करते हुए जान से मार देने की धमकी दी। नगर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नगर कोतवाली में पीड़ित व्यक्ति ने तहरीर देकर बताया कि उसकी भतीजी एक निजी अस्पताल में बतौर नर्स कार्यरत है। बीते दिनों उसकी भतीजी रात के वक्त अपनी ड्यूटी समाप्त कर घर लौट रही थी। आवास-विकास क्षेत्र में आरोपी पवन पुत्र गोपी निवासी ज्ञानलोक कॉलोनी, मोहित पुत्र धर्म निवासी ज्ञानलोक कॉलोनी एवं समीर पुत्र साबिर निवासी आवास विकास प्रथम ने उसकी भतीजी को रोक लिया और कार में खींचने का प्रयास करते हुए उसके साथ गाली-गलौज की। शोर मचाने पर लोग वहां एकत्र हो गए, जिस पर आरोपी युवक धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित का आरोप है कि इस घटना के कुछ देर बाद आरोपी युवक कार लेकर उनकी भतीजी के घर पहुंच गए। आरोपियों ने उनकी भतीजी के घर में घुसकर उसके साथ अभद्रता करते हुए भविष्य में गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। शोर मचाने पर लोगों ने एकत्र होकर एक आरोपी को पकड़ लिया, लेकिन पुलिस द्वारा उसे मामूली धारा में चालान कर छोड़ दिया गया। इसके बाद से आरोपी युवकों और उनके परिजनों द्वारा लगातार धमकियां दी जा रही हैं। उसकी भतीजी का अपहरण करने की धमकी दी जा रही है। पीड़ित ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की गुहार लगाई। सीओ सिटी संग्राम सिंह ने बताया कि मामले में तीनों आरोपी पवन, मोहित एवं समीर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जांच कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।