कुख्यात अनिल दुजाना पर 25 हजार इनाम घोषित
बुलंदशहर। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुख्यात अनिल दुजाना पर जनपद पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया है। हाल ही में कुख्यात अनिल दुजाना ने अपने गुर्गों के साथ मिलकर सिकंदराबाद के एक व्यापारी से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी। एसएसपी ने इनाम की राशि बढ़ाकर 50 हजार रुपये करने की संस्तुति कर पत्रावली को आईजी के पास भेज दिया है।
बीते कुछ समय में अनिल दुजाना की जिले में बढ़ती गतिविधियों के चलते पुलिस ने उस पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। हाल ही में कुख्यात अनिल दुजाना ने अपने साथियों के साथ मिलकर वीडियो कॉल के माध्यम से और अपने शागिर्दों को भेजकर सिकंदराबाद के एक-एक व्यापारी से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी। इसके बाद कुख्यात अनिल दुजाना समेत पांच आरोपियों के खिलाफ सिकंदराबाद कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज करा दी गई। एसएसपी ने व्यापारी को सुरक्षा भी प्रदान कर दी है। अनिल दुजाना के लगातार फरार रहने पर एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया है। इसके अलावा उस पर इनाम की राशि बढ़ाकर 50 हजार रुपये की संस्तुति करते हुए पत्रावली को आईजी के पास भेज दिया गया है।
बेहद शातिर बदमाश है अनिल
अनिल दुजाना की गिनती बेहद शातिर बदमाशों में होती है। उस पर लूट, हत्या, रंगदारी, धमकी देने आदि के करीब 50 से अधिक मामले दर्ज बताए जाते हैं। बताया जाता है कि कुछ माह पहले जमानत पर रिहा होने के बाद कुख्यात अनिल दुजाना ने दिल्ली बॉर्डर और हरियाणा को अपने रहने-छिपने का ठिकाना बना रखा है।