बुलंदशहर। जिले में रविवार 21 जून को नीट-2026 आयोजित होगी। आठ परीक्षा केंद्रों पर 3375 अभ्यर्थी शामिल होंगे। प्रशासन ने परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। केंद्राें पर विशेष सुरक्षा व पुलिस बल भी मुस्तैद किया जाएगा।
जिला विद्यालय निरीक्षक विनय कुमार ने बताया कि सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे और जैमर की व्यवस्था की गई है। केंद्रों पर विशेष सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। इन केंद्रों पर मजिस्ट्रेट की तैनाती के साथ भारी पुलिस बल भी मुस्तैद रहेगा। प्रवेश द्वार पर मेटल डिटेक्टर और बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद ही अभ्यर्थियों को अंदर जाने दिया जाएगा। परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में धारा 144 लागू रहेगी। फोटो स्टेट, मोबाइल रिपेयरिंग की दुकानें बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से डेढ़ घंटे पहले ही रिपोर्टिंग करनी होगी। परीक्षा हॉल में मोबाइल, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना सख्त प्रतिबंधित रहेगा।
जिला प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को तय समय से पहले केंद्र पर भेजें और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। नोडल अधिकारी लगातार केंद्रों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा ले रहे हैं। साथ ही कंट्रोल रूम से सभी केंद्रों पर निगाह रखी जाएगी।
उन्होंने बताया कि डीएम कुमार हर्ष और एसएसपी दिनेश कुमार सिंह परीक्षा से जुड़े अधिकारियों व केंद्र व्यवस्थाओं आदि की बैठक लेकर परीक्षा को नियमानुसार कराने के निर्देश दे चुके हैं। साथ ही उन्होंने चेतावनी जारी की है कि परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी या लापरवाही मिलेगी तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
परीक्षा दोपहर दो बजे से शाम 5:15 बजे तक चलेगी। तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी है। साथ ही संबंधित अधिकारियों को परीक्षा कराने के नियमों से भी अवगत करा दिया गया है।