दो सड़क हादसों में दो युवकों की मौत
बुलंदशहर। कोतवाली देहात क्षेत्र में बृहस्पतिवार को दो अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। हादसे से पीड़ित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दोनों ही मामलों में पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
औरंगाबाद के गांव राजगढ़ी निवासी महेंद्र सिंह ने कोतवाली देहात में तहरीर देकर बताया है कि 27 जनवरी की दोपहर करीब 1.30 बजे उसका पोता गौरव उर्फ गोजिल बुलेट मोटरसाइकिल से मौसमगढ़ से अपने गांव लौट रहा था। कोतवाली देहात क्षेत्र में अनूपशहर रोड पर स्टेट बैंक के सामने अज्ञात वाहन ने उसके पोते की बुलेट मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। सिर में चोट लगने से उनका पोता गौरव उर्फ गोजिल गंभीर रूप से घायल हो गया और उसने दम तोड़ दिया। गौरव करीब डेढ़ वर्ष पूर्व ही फौज में भर्ती हुआ था। देहात पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
वहीं दूसरा हादसा देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव कुदैना के समीप हुआ। औरंगाबाद के गांव मैथना जगतपुर निवासी प्रमोद कुमार शर्मा ने कोतवाली देहात में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया है कि उसका भाई अमित स्कूटी से गांव लौट रहा था। गांव कुदैना के समीप उसके भाई की स्कूटी में अज्ञात वाहन चालक ने टक्कर मार दी। हादसे में उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। देहात पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। सीओ सिटी शशांक सिंह ने बताया कि दोनों हादसों की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी चालकों का पता लगाने के लिए कार्रवाई की जा रही है।