बुलंदशहर। कोतवाली देहात क्षेत्र में करीब दस माह पूर्व हुई स्कूल की आया की हत्या के मामले में पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे हैं। पुलिस जल्द ही वारदात का राजफाश करने का दावा कर रही है। पुलिस को आरोपी पिछले करीब दस माह से लगातार चकमा दे रहा था।
कोतवाली देहात क्षेत्र के एक गांव निवासी 40 वर्षीय महिला यमुनापुरम कॉलोनी स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल में आया का काम करती थी। 13 सितंबर 2023 को स्कूल की छुट्टी के बाद महिला लापता हो गई। 14 सितंबर की दोपहर नेशनल हाईवे पर गांव के निकट ही लापता महिला का शव खेत में पड़ा मिला था। एसएसपी ने घटना के खुलासे के लिए देहात पुलिस, सर्विलांस टीम और स्वाट टीम को लगाया था।
पुलिस टीमों द्वारा मृतका के नजदीकी लोगों समेत कई संदिग्धों से पूछताछ की जा चुकी है। संदिग्धों की कॉल डिटेल रिकार्ड को भी खंगाला गया है। मृतका की कॉल डिटेल रिकॉर्ड की जांच में जिस व्यक्ति से अंतिम बार बातचीत हुई थी, उससे भी पुलिस ने गहन पूछताछ की थी। इसके अलावा पुलिस ने उस दौरान करीब 100 से अधिक सीसीटीवी भी खंगाले थे। मामले में अब पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे हैं।
आया हत्याकांड में कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं। जल्द ही हत्यारोपी को गिरफ्तार कर वारदात का राजफाश कर दिया जाएगा। - विकास प्रताप सिंह चौहान, सीओ सिटी