सिकंदराबाद। जंगल में चारा लेने के लिए गए छात्र को सांप ने काट लिया। परिजनों ने उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने छात्र को रेफर कर दिया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव बौढा निवासी रणपाल ने बताया कि वह गांव में खेतीबाड़ी करते हैं। बृहस्पतिवार को वह जंगल में पशुओं का चारा काटने के बाद कार्य से सिकंदराबाद चले आए। उनका पुत्र गोविंद (14) जोकि कक्षा आठ का छात्र है, अपनी बहन के साथ चारा लेने के लिए जंगल गया था। गोविंद ने बताया कि जब वह चारे का गट्ठर उठा रहा था, उसके नीचे सांप था, जिसने उसके पैर पर काट लिया। परिजनों ने गोविंद को उपचार के लिए संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया। चिकित्सक अमित सक्सेना ने बताया कि गोविंद के पैर र खरोच के निशान थे। गोविंद को एंटी स्नेक वैक्सीन लगाई गई। सांप के काटे रोगी को 24 घंटे देखरेख में रखा जाता है। जिसके चलते गोविंद को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।