छतारी थाना क्षेत्र के गांव निवासी किसान ने बताया कि उसका छह वर्षीय बेटा नजदीकि स्कूल में एलकेजी कक्षा में पढ़ता है। बुधवार शाम करीब छह बजे गांव के बच्चे खेल रहे थे। तभी खेलते हुए उसका बेटा कहीं गायब हो गया था। साथी बच्चों ने बताया कि छह वर्षीय मासूम, गांव निवासी 15 वर्षीय किशोर के साथ खेत की ओर गया है।
पीड़ित परिजन खेत की ओर गए तो वहां पर बच्चा रोता हुआ उनके पास आया। इसके बाद परिजन बच्चे को घर ले गए और रोने का कारण पूछा। तब बच्चे ने उसके साथ हुई घटना के बारे में परिजनों को बताया।
परिजनों ने जांच की तो बच्चे की कपड़ो में खून के धब्बे मिले। इसके बाद पीड़ित परिजन बच्चे को लेकर थाने पहुंचा, जहां परिजनों ने पुलिस को तहरीर दी। थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर किशोर के खिलाफ कुकर्म के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़ित बच्चे के बयान दर्ज किए गए हैं। वहीं, आरोपी किशोर को बाल सुधार गृह भेजा जा रहा है।