बुलंदशहर। कल्याण सिंह और साक्षी महाराज के जाने के बाद भी राष्ट्रीय क्रांति पार्टी चलती रहेगी। पदाधिकारियों ने रविवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव किया।
भाजपा से नाता तोड़ने के बाद कल्याण सिंह ने राष्ट्रीय क्रांति पार्टी की स्थापना की थी। फिर कल्याण सिंह के भाजपा में वापसी के बाद साक्षी हरी महाराज ने पार्टी की कमान संभाली। इसी दौरान फिर कल्याण सिंह भाजपा से अलग हुए और राष्ट्रवादी जनक्रांति पार्टी का गठन किया। पिछले दिनों साक्षी महाराज के भाजपा में जाने के बाद राष्ट्रीय क्रांति पार्टी में फिर नेतृत्व का संकट उत्पन्न हो गया। ऐसे में माना जा रहा था कि अब पार्टी का भाजपा में विलय हो जाएगा। लेकिन रविवार को इस पर विराम लग गया।
बुलंदशहर के वरिष्ठ अधिवक्ता देवेंद्र सिंह लोधी को राष्ट्रीय क्रांति पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोनीत कर लिया गया। संगठन के मुख्य राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह जाटव ने बताया कि साक्षी महाराज की जगह देवेंद्र कुमार लोधी अब पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। गाजीपुर के त्रिभुवन नारायण विंद को प्रदेश अध्यक्ष, कानपुर के ओमप्रकाश लोधी को उपाध्यक्ष, वाराणसी के प्रदीप जासवाल को राष्ट्रीय महासचिव, केके राजपूत को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष, संजय पटेल को सचिव, आगरा के पीतम सिंह लोधी को राष्ट्रीय अध्यक्ष युवा मोर्चा, अलीगढ़ के हरेंद्र वर्मा को प्रदेश महासचिव, हरदोई के शिवप्रसाद एडवोकेट को प्रदेश सचिव और राजकुमार कश्यप को मेरठ मंडल अध्यक्ष और देवेंद्र पाल सिंह को अलीगढ़ मंडल अध्यक्ष बनाया गया है। संसद चुनाव से पहले पार्टी अपने संगठन को देशभर में खड़ा कर लेगी और यूपी समेत ज्यादातर सीटों पर एमपी का चुनाव लड़ेगी।