खुर्जा/छतारी/ककोड़। चोरों ने अलग-अलग स्थानों पर एक ही रात में हजारों रुपये का माल साफ कर दिया। वहीं खुर्जा नगर के नेहरुपुर स्थित हीरापुर कालोनी में शनिवार रात एक घर में चोरी करते एक किशोर को पकड़ा गया। हालांकि बच्चे के पिता ने रंजिश में फंसाने का आरोप लगाया।
नेहरुपुर निवासी कुंवरपाल ने पुलिस को बताया कि चोरों ने उसके घर से 45 सौ रुपये, एक सोने की चेन, अगूंठी समेत आदि चुरा ली। कुंवरपाल ने मौके से एक किशोर को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। किशोर के पिता चंद्रभान ने रंजिश के चलते बेटे को फंसाने की की बात कही है। चंद्रभान ने बताया कि उनका बेटा 11वीं का छात्र है और सोमवार को उसकी परीक्षा है। सीओ का कहना है कि जांच में किशोर निर्दोष साबित होता है तो उसे छोड़ दिया जाएगा।
नवदुर्गा कालोनी से उड़ाया माल
खुर्जा। नवदुर्गा शक्ति कालोनी निवासी महिपाल के मकान का ताला तोड़कर शनिवार रात चोर पांच हजार रुपये, मोबाइल और अन्य कीमती सामान ले गए। महिपाल ने कोतवाली पुलिस को चोरी की तहरीर दी है।
पंपसेट ले उड़े चोर
छतारी। चोरों ने शनिवार रात कस्बे के पास खेत में स्थित ट्यूबवेल से पंपसेट चोरी कर लिया। किसान कन्हई ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
तीन पशु चोरी
ककोड़। सुनपैड़ा गांव में बदमाश किसान हीरा के घेर के बंधे तीन मवेशी चुरा ले गए। हीरा ने थाने में तहरीर दी है।