बुलंदशहर। जिले के 946 ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों में अब तेजी आएगी। शासन से 15वें वित्त आयोग के तहत ग्राम पंचायतों को 11 करोड़ रुपये पहुंच गए है। इससे गांव में नाली, खड़ंजा, प्रकाश, मरम्मत व ठोस द्रव्य अपशिष्ट प्रबंधन के कार्य कराए जाएंगे।
जिले में 946 ग्राम पंचायतों के 1176 राजस्व गांव हैं। इन गांवों में विकास कराने के लिए केंद्र व प्रदेश सरकार की ओर से समय-समय पर राशि प्राप्त होती रहती है। इसी क्रम में अब शासन ने ग्राम पंचायतों में विकास कार्य के लिए 11 करोड़ रुपये का बजट दिया है। इसके तहत टाइड व अनटाइड दोनों कार्य कराए जाते हैं। लंबे समय से बजट न मिलने के चलते ग्राम पंचायतों में कई तरह के कार्य रुके हुए थे। ऐसे में राशि मिलने के बाद अधूरे व नए कार्यों में तेजी आएगी।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार लोकसभा चुनाव के बाद शासन ने 15वें वित्त आयोग के तहत ग्राम पंचायताें को राशि भेजी है। पिछले लंबे समय से राशि न मिलने से कार्य प्रभावित था। केवल मनरेगा के तहत कार्य हो रहे थे। अब राशि मिली है तो गांव के विकास कार्यों में तेजी आएगी। राशि के प्राप्त होते ही प्रधान और सचिव ग्राम सदस्यों के साथ बैठक कर विकास कार्यों के प्रस्ताव बनाएंगे। इसके बाद कार्य शुरू किए जाएंगे।
15वें वित्त की राशि सभी ग्राम पंचायतों में पहुंच गई है। सचिव व ग्राम प्रधान को इस राशि से गांव में विकास कार्य कराने के निर्देश दिए गए हैं। नाली, खड़ंजा, प्रकाश, मरम्मत व ठोस द्रव्य अपशिष्ट प्रबंधन के कार्य कराए जाएंगे। - डाॅ. प्रीतम सिंह, जिला पंचायती राज अधिकारी