11 फरवरी को 546 मतदाता बूथ और 395 केंद्रों पर शांतिपूर्ण मतदान कराना खाकी के लिए अग्नि परीक्षा से कम नहीं होगा। वोटिंग के लिहाज से जनपद में 546 बूथ क्रिटिकल घोषित किए गए हैं।
लॉ एंड आर्डर के दृष्टिकोण से 546 मतदाता बूथ बेहद संवेदनशील हैं।
निर्वाचन आयोग ने क्रिटिकल उन बूथों को चिंहित किया है, जहां पूर्व के चुनाव में झगड़ा-फसाद के कारण मतदान प्रक्रिया प्रभावित हुई हो। गंभीरता को समझते हुए निर्वाचन आयोग ने ऐसे पोलिंग बूथों की निगरानी सीधे डीएम, एसएसपी, माइक्रो आर्ब्ज्वर, सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट को सौंपी है।
क्रिटिकल बूथों पर खाकी सीधे तौर पर अग्नि परीक्षा से गुजरेगी। इन मतदाता बूथों पर चुनाव शांति के साथ संपन्न कराया गया तो मशीनरी पास, नहीं तो फेल मानी जाएगी। खुर्जा डिबाई और स्याना विधानसभा सीट पर सबसे अधिक क्रिटिकल बूथ हैं। शिकायत के बाद जांच हुई तो जनपद में 21 क्षेत्र चिंहित किए, जहां दबंग हावी रहे। आयोग ने 319 मतदाता बूथ भी चिंहित किए है जहां निष्पक्ष मतदान प्रभावित रहा।
19 जोन और 175 सेक्टरों में बांटा जिला, मजिस्ट्रेट तैनात
विधानसभा चुनाव के तहत 11 फरवरी को जनपद में मतदान होगा। मतदान के दौरान कोई गड़बड़ी न हो इसके लिए पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा का खाका खींच लिया है। प्लान के तहत जिले को 19 जोन और 175 सेक्टरों में बांटा गया है। मतदान केंद्रों के भीतर की सुरक्षा सीपीएमएफ के हवाले होगी। बृहस्पतिवार शाम अर्द्धसैनिक बलों को विभिन्न क्षेत्रों में रवाना भी कर दिया है।
एसएसपी सोनिया सिंह ने बताया कि शनिवार यानि कल जनपद की सात विधानसभा सीटों के लिए मतदान होगा। मतदान को सकुशल और निष्पक्ष संपन्न कराने के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था तैयार की है। एसएसपी ने बताया कि जनपद को 19 जोन और 175 सेक्टरों में बांटा गया है। मतदान केंद्रों की सुरक्षा 82 कंपनी सीपीएमएफ के हवाले रहेगी।
छह कंपनी पीएसी भी अलर्ट मोड पर रहेगी। एसपी सिटी मान सिंह चौहान ने बताया कि मतदान केंद्रों पर 82 कंपनी सीपीएमएफ तैनात की है। इसके अलावा 415 एसआई, 716 हेडकांस्टेबल, दो हजार कांस्टेबल और 1500 होमगार्ड मौजूद रहेंगे। एसपी सिटी ने बताया कि जनपद की सीमाओं पर चेकिंग के लिए 30 बैरियर बनाए गए हैं। जहां से प्रत्येक वाहन को गुजरना होगा।
बृहस्पतिवार शाम तक काफी संख्या में अर्द्धसैनिक बल को रवाना कर दिया है। एसपी सिटी ने बताया कि मतदान के दौरान बवाल करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं एसएसपी सोनिया सिंह ने मतदाताओं से बिना किसी दबाव में आकर मतदान करने की अपील की है।