संवाद न्यूज एजेंसी
जहांगीराबाद। मोहल्ला रामगढ़ी स्थित गोदाम से 475 क्विंटल सरकारी राशन मिला, जिसे जब्त कर लिया गया है। अब इस मामले में विभाग की ओर से आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की तैयारी चल रही है। इसके लिए डीएम से निर्देश लेने के लिए फाइल भी भेज दी गई है।
चार दिन पहले मुखबिर की सूचना नगर के मोहल्ला रामगढ़ी में बने गोदाम पर प्रशासन ने कार्रवाई की थी। यहां पर सरकारी राशन एकत्रित कर कालाबाजारी करने का आरोप लगा था। इस पर पहले दिन गोदाम को सील कर दिया था। इसके बाद यहां रखे राशन की अधिकारियों ने जांच की। लेकिन राशन का सही पता न लगने पर एसडीएम अनूपशहर से डीएम को पत्र लिखकर राशन की जांच के लिए टीम बनाने की मांग की थी। डीएम सीपी सिंह ने अधिकारियों की छह सदस्यीय टीम गठित की। इस टीम ने गोदाम में रखे राशन की गहनता से जांच की।
शनिवार को जांच में पता चला कि गोदाम में रखा राशन सरकारी है। इस पर यहां से 475 क्विंटल गेहूं, चावल व बाजरा को जब्त कर लिया गया है। एसडीएम नवीन कुमार का कहना गोदाम से राशन को जब्त कर मंडी के गोदामों में रखावाया गया है। राशन सरकारी पाए जाने पर आरोपियों के खिलाफ आपूर्ति विभाग को रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। बताया कि आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए डीएम से निर्देश लेने के लिए फाइल भेज दी है। डीएम का निर्देश मिलते ही आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी जाएगी। आरोपियों की भी पहचान कर ली गई है। बताया कि राशन कहां से आया है, इसकी भी जांच चल रही है।