बुलंदशहर। खेतों में लगाए जाने वाले डीएपी और एमओपी खाद की कालाबाजारी अधिकारियों ने पकड़ी है। अधिकारियों ने पहासू क्षेत्र के एक मकान में बनी दुकानों से 45 कट्टा डीएपी और सात कट्टा एमओपी बरामद करते हुए सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं। साथ ही दुकान संचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जिला कृषि अधिकारी राहुल तेवतिया ने बताया कि पहासू के अहमदगढ़ रोड स्थित गुल्लक बाजार में खाद की कालाबाजारी हो रही है। मौके पर पहुंचकर रामलीला मैदान निवासी तरुण कुमार से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि उनके घर में बनी दुकानों को गांव अजीजाबाद निवासी लवकेश मीना को किराये पर दिया था। आरोपी के मौके पर न पहुंचने पर अधिकारियों ने मकान मालिक और पुलिस की मौजूदगी में दुकान का ताला तोड़ा तो उसमें से 45 कट्टे डीएपी और सात कट्टा एमओपी बरामद हुआ। मौके पर ही दोनों खादों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं। बताते चलें कि इससे पहले अरनिया में भी खाद की कालाबाजारी पकड़ी गई थी। जिला कृषि अधिकारी ने मामले में दुकान संचालक लवकेश मीना के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।