गुलावठी। थाना पुलिस ने 40 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अकबरपुर रोड स्थित एक ट्यूबवैल के पास अवैध शराब का भंडारण किया था। बरामद की गई शराब अरुणाचल प्रदेश मार्का है। जिसे आरोपी क्षेत्र में बेचने का प्रयास कर रहा था।
सीओ पूर्णिमा सिंह ने बताया कि सोमवार सुबह गुलावठी थाना पुलिस को सूचना मिली कि अकबरपुर रोड पर रजवाहे के निकट एक ट्यूबवैल के पास अवैध शराब का भंडारण किया गया है। जिसे वहां पर मौजूद आरोपी बेचने की फिराक में है। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और एक आरोपी को घेराबंदी कर वहां से गिरफ्तार कर लिया। उसकी शिनाख्त समरदीन उर्फ सोनू निवासी मोहल्ला रामनगर थाना गुलावठी के रूप में हुई है। साथ ही मौके से 40 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई। इसकी कीमत करीब एक लाख पचास हजार रुपये बताई जा रही है। बरामद शराब अरुणाचल प्रदेश की है, जोकि तस्करी कर लाई गई थी। गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ के बाद बताया कि उसके द्वारा गैर प्रांत की शराब बुलंदशहर व आस-पास के क्षेत्रों में अधिक दामों में बेचकर आर्थिक लाभ प्राप्त करना चाहता था।