बुलंदशहर। धरपा स्थित ट्रांसमिशन केंद्र पर फाल्ट के कारण तीन बिजलीघऱ से जुड़े करीब 20 हजार उपभोक्ताओं को शुक्रवार तड़के तीन बजे से बिजली कटौती झेलनी पड़ी। फाल्ट ठीक होने में देरी के चलते सुबह आठ बजे दूसरे बिजलीघरों से सप्लाई जोड़कर लोगों को बिजली आपूर्ति दी गई।
शुक्रवार तड़के तीन बजे धरपा स्थित ट्रांसमिशन केंद्र पर 132 केवीए लाइन में फाल्ट हो गया। लाइन में फाल्ट के कारण नगर के अनूपशहर अड्डा, टांडा और चित्सौन बिजलीघर से जुड़े शहर और गांवों में बिजली सप्लाई प्रभावित हो गई। फाल्ट ठीक होने में देरी के चलते सुबह आठ बजे शहर व देहात क्षेत्र के अन्य बिजलीघरों से सप्लाई जोड़कर प्रभावित उपभोक्ताओं को बिजली सप्लाई दी गई। शाम करीब पांच बजे फाल्ट को ठीक करके बिजली सप्लाई चालू की गई। इसके बाद उपभोक्ताओं को राहत मिली। बिजली निगम के एसडीओ सोमदत्त सोलंकी ने बताया कि धरपा स्थित ट्रांसमिशन केंद्र पर फाल्ट के कारण उपभोक्ताओं को बिजली संकट से परेशानी हुई। फाल्ट ठीक करके शाम पांच बजे बिजली सप्लाई सुचारू कर दी गई थी। संवाद