ग्राम कोटा स्थित अस्थाई गौशाला जहां से 17 गौवंश गायब होने का मामला प्रकाश में आया है।
- फोटो : BULANDSHAHR
गोशाला से 17 गोवंश गायब पूर्व प्रधान पति पर रिपोर्ट दर्ज
गुलावठी। ब्लॉक क्षेत्र के गांव कोटा स्थित अस्थायी गोशाला से 17 गोवंश गायब होने का मामला प्रकाश में आया है। मामले में गांव निवासी हरेंद्र पुत्र धर्मपाल सिंह ने पूर्व प्रधान पति जितेंद्र यादव एवं अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
हरेंद्र ने बीते दिनों एसएसपी को शिकायती पत्र सौंपा था। इसमें उल्लेख किया गया था कि गांव कोटा स्थित अस्थाई गोशाला में गोवंशों की देखरेख, चारा आदि की व्यवस्था ग्राम प्रधान कोटा एवं ग्राम पंचायत अधिकारी कोटा के अधीन हैं। उन्हें जानकारी मिली कि पूर्व प्रधान पति जितेंद्र यादव ने गोशाला से 17 गोवंश गायब करा दिए। उन्होंने गोवंशों के कटान की आशंका जताई है। मामले में एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने आरोपी पूर्व प्रधान पति जितेंद्र यादव व अन्य अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
आरटीआई के तहत मांगी सूचना तो हुई जानकारी
हरेंद्र ने सूचना अधिकार अधिनियम 2005 (आरटीआई) के तहत मुख्य पशु चिकित्साधिकारी से जानकारी मांगी थी। इस पर मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने पशु चिकित्साधिकारी भटौना से सूचना प्राप्त करने के निर्देश दिए थे। पशु चिकित्साधिकारी भटौना ने 18 जून 2021 को जवाब दिया। इसमें 17 गोवंशों को गौशाला से गायब होना बताया गया।
मामले में फाइल मंगाई है और पशु चिकित्साधिकारी से भी बात की गई है। जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी। - प्रेमचंद, बीडीओ