बेखौफ चोरों ने उड़ाया 2200 मीटर विद्युत तार
जहांगीराबाद। बेखौफ बदमाशों ने बीती रात करीब 2200 मीटर विद्युत तार को चोरी कर लिया। तार चोरी होने से पांच गांवों की बत्ती गुल हो गयी। इस तार चोरी की घटना से विद्युत विभाग में भी हड़कंप मच गया। डिवीजन के एक्सइएन ने पूरे मामले की रिपोर्ट आला अधिकारियों को भेजी है।
चोरों ने सोमवार-मंगलवार की रात्रि में जहांगीराबाद देहात के कर्पूरी फॉर्म हाउस से भैंयापुर रोड तक के कई खंभों के तार को चोरी कर लिया। इस वारदात में चोरों ने कुल 2200 मीटर तार चोरी किया है, जिसमें 800 मीटर 11 हजार की लाइन से, 200 मीटर एलटी लाइन से 1200 मीटर 33 हजार की लाइन से चोरी किया गया है। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक चोरी किए गए तार की कीमत ढाई लाख रुपये से ज्यादा है। इस तार चोरी की घटना से जहांगीराबाद देहात फीडर के पांच गांवों मुल्लानी, विधिपुर, जयरामपुर कुदैना, प्रेमनगर व रामगढ़ी की बिजली पुरी तरह से गुल हो गई है। एक्सईएन नीरज कुमार ने बताया कि घटना की रिपोर्ट को लेकर जेई श्याम सुंदर कुशवाहा ने कोतवाली में तहरीर दी है। पूरे मामले से आला अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। जेई ने बताया कि गांवों की बिजली बहाल कराने के लिए आला अधिकारियों से तार के बजट की मांग की गई है। सामान उपलब्ध होने के साथ ही बिजली सुचारु करा दी जाएगी।