बेकाबू ट्रैक्टर-ट्रॉली ने महिला को रौंदा, मौत
- घटना में सड़क किनारे मौजूद एक मासूम समेत तीन लोग गंभीर घायल
- शव उठाने को लेकर ग्रामीणों की पुलिस से हुई नोकझोंक, दो घंटे बाद उठा शव
अमर उजाला ब्यूरो
जहांगीराबाद।
रिश्तेदारी से विदा होकर सड़क किनारे बस का इंतजार कर रही एक अधेड़ महिला को बृहस्पतिवार को ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने रौंद दिया। इससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई, जिसकी चपेट में आने से वहां मौजूद एक मासूम समेत तीन लोग गंभीर घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने घायलों को हायर सेंटर रेफर कर दिया। वहीं, घटना से गुस्साए परिजनों ने हंगामा करते हुए दो घंटे तक महिला का शव पुलिस को नहीं उठाने दिया।
गाजियाबाद के साहिबाबाद थाना क्षेत्र की शहीद नगर कालोनी निवासी धर्म सिंह की पत्नी भगवानी देवी (50) चार दिन पूर्व कोतवाली क्षेत्र के गांव खालौर स्थित रिश्तेदारी में एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने आई थी। भगवानी देवी बृहस्पतिवार सुबह रिश्तेदारी से विदा होकर गांव तौली पर सड़क किनारे बस का इंतजार कर रही थीं। तभी अनूपशहर की ओर से ईंटों से भरी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने तौली पर बने स्पीड ब्रेकर पर असंतुलित होकर भगवानी देवी की मौके पर ही मौत हो गई। भगवानी देवी को रौंदने के बाद ट्रैक्टर-ट्राली पलट गई, जिसके चपेट में आकर सड़क किनारे खड़े खालौर निवासी रामजीलाल पुत्र यादराम, पत्नि रंपो व उनकी सात वर्षीय पुत्री सलोनी गंभीर घायल हो गए। बताया गया वह तीनों भी सड़क किनारे खड़े होकर बुलंदशहर जाने के लिए बस का इंतजार कर रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत देखते हुए हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। सूचना मिलते ही अन्य क्षेत्रीय पुलिस अधिकारी व नायब तहसीलदार विजय प्रकाश मिश्रा मौके पर पहुंच गए। वहीं, घटना के बाद आरोपी चालक मौके से भाग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राली को जेसीबी मशीन बुलाकर सीधा कराया व सड़क पर पड़ी ईंटों को हटवाया। पुलिस ने जब ट्रैक्टर को अपने साथ ले जाने का प्रयास किया तो महिलाओं ने इसका पुलिस का विरोध किया। साथ ही शव उठाने को लेकर भी ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन टीम का विरोध किया। करीब दो घंटे तक चली नोकझोंक के बाद ग्रामीणों ने शव को पुलिस को सौंपा। कोतवाली प्रभारी एच एन सिंह ने बताया कि मृतका के रिश्तेदार धर्मपाल सिंह की तहरीर पर अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर मृतका के शव को पोस्टमार्टम को भिजवा दिया गया।