अंग्रेजी माध्यम के परिषदीय स्कूलों में शिक्षकों की कमी का अड़ंगा
- दो अप्रैल से शैक्षिक सत्र की होनी है शुरुआत, अभी तक नियुक्त नहीं हो पाए शिक्षक
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। जिले में अंग्रेजी माध्यम के परिषदीय स्कूलों में शिक्षकों की कमी का अड़ंगा जारी है। नया शिक्षण सत्र दो अप्रैल से शुरू हो रहा है और अभी तक शिक्षक नियुक्त नहीं हो पाए हैं। जिले में संचालित होने वाले 80 परिषदीय स्कूलों में 400 शिक्षक तैनात किए जाने हैं, जबकि अभी तक यह आंकड़ा 150 तक ही पहुंच पाया है।
शासन ने इस बार परिषदीय स्कूलों के शिक्षा स्तर को बढ़ाने के लिए अंग्रेजी माध्यम के स्कूल चलाने का निर्णय लिया है। इसके लिए जिले में 80 परिषदीय स्कूलों का चयन किया गया है। प्रत्येक ब्लॉक से पांच-पांच परिषदीय स्कूलों का चयन काफी समय पहले कर लिया गया था। प्रत्येक स्कूल में पांच-पांच अंग्रेजी में दक्ष शिक्षकों की तैनाती की जानी है। इस तरह से 400 शिक्षक तैनात होंगे। इसके लिए विभाग की ओर से इच्छुक शिक्षकों से आवेदन मांगे गए थे। शुरूआत में आवेदन करने में शिक्षकों ने रुचि नहीं दिखाई। इस पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी एबीएसए को शिक्षकों को जागरूक कर आवेदन करवाने के आदेश दिए थे। इसके बावजूद भी अभी तक आवेदन करने वाले शिक्षकों का आंकड़ा 150 के करीब पहुंचा है। शासनादेश के तहत अभी तक सभी शिक्षकों की इन स्कूलों में तैनाती कर देनी चाहिए थी। मगर, शिक्षकों की कमी के चलते यह कार्य पूरा नहीं हो पाया है, जबकि नया शिक्षण सत्र शुरू होने में दो दिन ही शेष रह गए हैं। वहीं, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अजीत कुमार का कहना है कि अंग्रेजी माध्यम के स्कूलों में शिक्षकों को जल्द तैनात कर दिया जाएगा। इसके लिए विभाग स्तर से तैयारी लगभग पूरी हो चुकी हैं और सभी एबीएसए को जल्द से जल्द शिक्षकों को चिन्हित कर उनसे आवेदन करवाने के सख्त निर्देश दिए हैं। यह कार्य जल्द पूरा कर लिया जाएगा।