वैरायटी शो में अश्लील डांस पर जमकर उड़े नोट
- एक डांसर पर रुपये लुटाने का वीडियो हुआ वायरल
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। जिला कृषि औद्योगिक एवं सांस्कृतिक प्रदर्शनी में लगे वैरायटी शो में लोगों ने बृहस्पतिवार रात सारी हदें पार कर दी। शो में डांसर के अश्लील डांस पर लोगों ने जमकर नोट उड़ाए। इस शो का वीडियो वायरल होने के बाद अश्लील डांस चर्चा का विषय बना हुआ है।
जिला प्रदर्शनी अपने अंतिम दौर में चल रही है। पूरी नुमाइश के दौरान हुल्लड़ बाजार में वैरायटी शो आयोजित किए गए, जिसमें फिल्मी गानों पर युवतियां अश्लील डांस करती हैं। सोशल मीडिया पर वैरायटी शो में बनाया गया एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवती स्टेज पर अश्लील डांस कर रही है और उस पर एक व्यक्ति नोट उड़ा रहा है। वीडियो में यह व्यक्ति एक के बाद एक तीन बार युवती के डांस पर नोट उड़ाता हुआ नजर आ रहा है। इसके अलावा शो में अश्लील हरकतें की जा रही हैं। भद्दे इशारे किए जाते हैं। वहीं वीडियो में दो लोग स्टेज पर फैले नोट समेटते नजर आ रहे हैं। नुमाइश में चल रहे वैरायटी शो के अश्लील डांस पर एक जिम्मेदार अधिकारी ने मामला संज्ञान न होने की बात कहकर पल्ला झाड़ लिया।
कोट-
वैरायटी शो में हुए अश्लील डांस और रुपये उड़ाने का वीडियो वायरल होने का मामला अभी संज्ञान में नहीं है। वीडियो की जांच कराई जाएगा और दोषी पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। - अरविंद कुमार मिश्र, एडीएम ई/कार्यवाहक अध्यक्ष जिला प्रदर्शनी