बिना मान्यता प्राप्त स्कूलों में न कराएं बच्चों का दाखिला: डीएम
- डीएम ने की समीक्षा, 220 में से 191 अवैध स्कूल कराए जा चुके हैं बंद
- शेष 29 स्कूलों को बंद न करने पर होगी एफआईआर
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। अवैध स्कूलों के खिलाफ की गई कार्रवाई की बृहस्पतिवार को डीएम ने समीक्षा की। इस दौरान शिक्षा विभाग के अफसरों ने बताया कि कुल 220 में से 191 स्कूल बंद कराए जा चुके हैं। 29 अवैध स्कूल अब भी संचालित हैं। इन स्कूलों के खिलाफ डीएम ने रिपोर्ट दर्ज करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि अवैध स्कूलों में बच्चों का दाखिला न कराएं।
जिले में बिना मान्यता के संचालित 220 अवैध स्कूलों पर कार्रवाई की समीक्षा डीएम डॉ. रोशन जैकब ने की। समीक्षा बैठक में डीएम ने शिक्षा विभाग के अफसरों से ब्लॉक वार स्कूलों पर की गई कार्रवाई की रिपोर्ट तलब की। अफसरों ने बताया कि 220 के सापेक्ष 191 स्कूलों को सील कर उन्हें बंद कराने की कार्रवाई की गई है। जबकि शेष 29 स्कूलों को भी बंद कराने के लिए डीएम ने आदेश जारी किए। बैठक के दौरान डीएम ने लोगों से अपील की कि बच्चों का प्रवेश अवैध स्कूलों में न कराएं। बीएसए अजीत कुमार ने बताया कि बुलंदशहर देहात में 9, नगर में 8, लखावटी 4, पहासू 19, शिकारपुर में 8, अनूपशहर 38, खुर्जा 2, अरनिया 1, सिकंदराबाद 46, दानपुर 13, डिबाई 5, स्याना 5, ऊंचागांव 5, गुलावठी 7, अगौता 10, बीबीनगर 6 और जहांगीराबाद में पांच स्कूलों को बंद कराया गया है।
बिना मान्यता चल रहे तीन विद्यालयों को नोटिस
छतारी। नोटिस देने के बाद भी कस्बे में गैर मान्यता प्राप्त विद्यालय धड़ल्ले से चल रहे हैं। एबीएसए ने ऐसे तीन स्कूलों के खिलाफ तहरीर दी है। कार्रवाई से स्कूल प्रबंधकों में हड़कंप है। डीएम के निर्देश पर कस्बे में चल रहे गैर मान्यता प्राप्त विद्यालयों को बंद कराने का अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत ऐसे स्कूलों को नोटिस भेजा गया था। बावजूद इसके तीन गैर मान्यता स्कूल संचालित पाए गए। खंड शिक्षा अधिकारी मोहम्मद अजहरे आलम ने बताया कि गैर मान्यता वाले स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई के प्रशासन के सख्त आदेश हैं। डीएम के निर्देश पर ऐसे विद्यालयों के खिलाफ अभियान चलाकर उन्हें बंद कराने नोटिस भेजा गया था। ऐसे में संचालित हो रहे तीन स्कूलों के खिलाफ तहरीर थाने में दी गई है। एसओ छतारी प्रताप सिंह बालियान ने बताया कि तीन स्कूलों के खिलाफ तहरीर मिली है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। ब्यूरो