बुलंदशहर। ई-कॉमर्स वेबसाइट के पेमेंट गेटवे को जाने वाले अमाउंट की वैल्यू को सॉफ्टवेयर से बदलकर ऑनलाइन ठगी करने वाले शातिर को साइबर टीम ने दिल्ली से गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से नेक्सस सोलर एनर्जी कंपनी का करीब पांच लाख रुपये का सामान भी बरामद किया गया है। आरोपी ने यह सामान मात्र तीन रुपये में लिया था। आरोपी सिर्फ 12वीं पास है। इंटरनेट के माध्यम से ठगी का तरीका सीखा था। उसके दो साथियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि गत 28 जुलाई को जनता दर्शन के दौरान नेक्सस सोलर एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड थाना चोला जनपद बुलंदशहर के मालिक दीपक चौधरी ने तहरीर देकर बताया था कि उनकी कंपनी की अपनी ई-कॉमर्स वेबसाइट से तीन ट्रांजेक्शन में ऑर्डर बुक किए गए। जिसकी कीमत करीब पांच लाख रुपये थी। उसका पेमेंट मात्र 3 रुपये किया गया है। तहरीर के आधार पर चोला थाने में मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना थाना ककोड़ में नियुक्त निरीक्षक अपराध और साइबर टीम को दी गई। जांच के बाद पुलिस ने मंगलवार को ठगी करने वाले आरोपी अजय कुमार निवासी गली नंबर आठ फेज एक कुतुब बिहार दिल्ली को गिरफ्तार कर लिया। उससे कंपनी के साथ धोखाधड़ी कर मंगाया गया माल दो ट्यूबलर बैटरी, एक विंडो सोलर एसी, एक स्पिलिट सोलर एसी, एक सोलर पीसीयू बरामद कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी अजय ने बताया कि वह 12वीं पास है। कोरोना काल से ही विभिन्न ऑनलाइन वेबसाइट की सिक्योरिटी को टेस्ट करता रहता था। वेबसाइट को हैक करने के बारे में सिक्योरिटी व हैकिंग से संबंधित चैट जीपीटी और अन्य माध्यमों से जानकारी लेता था। इस दौरान उसने कुछ सॉफ्टवेयर टूल्स के बारे में पता किया, जिससे वेबसाइट कि सिक्योरिटी को चेक और डाटा में बदलाव किया जा सके। पकड़ में आने से बचने के लिए अजय ने पिता व भाई की आईडी पर सिम लेकर फेक ईमेल आईडी बना रखी थी।
जून-2023 में उसे नेक्सस सोलर एनर्जी की वेबसाइट के बारे में पता चला। उसने नेक्सस की वेबसाइट पर सॉफ्टवेयर की मदद से पेमेंट गेटवे को जाने वाले अमाउंट को टूल्स के माध्यम से बदल दिया और मात्र एक रुपये में एक ऑर्डर बुक करने में सफल हो गया। इस तरह तीन बार में करीब पांच लाख रुपये का सामान मात्र तीन रुपये में ले लिया। पुलिस अब उसके दो अन्य साथियों की तलाश में भी जुट गई है। एसएसपी ने वारदात का राजफाश करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है।