बिनावर। बरेली-मथुरा हाईवे के विजय नगला चौराहे पर शुक्रवार शाम दूसरे समुदाय के युवकों ने हथियार लहराते हुए बाजार बंद करा दिया। इस घटनाक्रम का वीडियो शनिवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
बिनावर थाना क्षेत्र में बरेली-मथुरा हाईवे पर स्थित विजय नगला चौराहे पर बृहस्पतिवार शाम युवकों के दो गुटों में दो बाइकों में रस्सी बांधकर खींचने की हार-जीत पर शर्त लगी थी। इसमें सिकरोड़ी गांव के दूसरे समुदाय के युवक शर्त हार गए थे। इस दौरान दोनों पक्षों के युवकों में कहासुनी और मारपीट हुई। उसके बाद दोनों पक्ष थाने पहुंचे। जहां पुलिस ने फैसला करा दिया।
शुक्रवार शाम सिकरोड़ी गांव के बौखलाए दूसरे समुदाय के युवक लाठी डंडा लेकर विजय नगला चौराहा पहुंचे। युवकों के लोहे की रॉड, डंडा व तमंचे लेकर दुकानदारों को धमका कर उनकी दुकानें बंद करा दी। इससे वह दहशत फैल गई। कुछ ही देर में वह फरार हो गए। इस घटनाक्रम के दौरान किसी ने वीडियो बना लिया। शनिवार को उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। बिनावर इंस्पेक्टर अशोक कंबोज ने बताया कि दुकानदारों के बयान दर्ज कराए हैं। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।