आम गांव में नए मतदाता के साथ पौधरोपण करतीं डीएम। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। मतदान में युवाओं की सहभागिता बढ़ाने के लिए नया प्रयोग सोमवार से शुरू हो गया। 2731 मतदान केंद्रों पर ऐसे युवाओं ने दो-दो पेड़ रोपे, जिन्हें इस बार पहला वोट डालना है।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वीप कार्यक्रम के तहत आम गांव के कंपोजिट विद्यालय में डीएम समेत अन्य अधिकारियों ने की। डीएम ने यहां प्रथम बार बने मतदाताओं के साथ पौधरोपण किया और उन्हें सम्मानित भी किया।
डीएम दीपा रंजन ने कहा कि प्रथम बार मतदाता बनने वाले सभी लोग चुनाव के दिन मतदान में बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी निभाएं। आज जिन नए मतदाताओं ने पौधारोपण किया है। वे अपने लगाए गए पौधे को भली भांति पहचान लें और मतदान के दिन उस पौधे को अवश्य देखें। गांव के बहुत सारे काम ऐसे होते हैं जिन्हें प्रधान नहीं बल्कि विधायक और सांसद कराते हैं। इसलिए गांव के विकास के लिए विधानसभा चुनाव में भी उसी उत्साह के साथ वोट डालने पहुंचे। विधानसभा में जाकर आपकी समस्याओं को विधायक ही उठाएंगे। इसलिए क्षेत्र के विकास के लिए चुनाव में बढ़ चढ़कर हिस्सा लें। इस मौके पर काफी संख्या में लोग मौजूद रहे। संवाद