बदायूं। जलालाबाद से दिल्ली जा रही रोडवेज की बस में सवार 70 वर्षीय महिला का थैला चोरी हो गया। पुलिस लाइन चौराहे पर महिला को जब थैला दिखाई नहीं दिया तो उसने शोर मचा दिया। चालक ने बस रोक ली। यहां चेकिंग में लगे यातायात प्रभारी ने मामले की जानकारी ली और बस में थैले को तलाश कराया, लेकिन नहीं मिल सका। महिला ने सोने की चेन, अंगूठी व पांच हजार रुपये थैले में होने की बात कही है।
सिविल लाइनक्षेत्र के मोहल्ला आदर्श नगर कॉलोनी में रहने वाली निर्दोष कुमारी शाहजहांपुर के जरियनपुर की मूल निवासी है। वह बुधवार को अपने गांव से आटा चावल और कुछ अन्य सामान लेकर बदायूं आने के लिए रोडवेज बस में बैठी थी। आरोप है कि शहर में आने से पहले उनका थैला, जिसमें सोने की चेन, अंगूठी व पांच हजार रखे थे किसी ने चोरी कर लिया। जानकारी होने के बाद दोपहर करीब एक बजे भामाशाह चौक पर उन्होंने बस रुकवाकर यातायात प्रभारी को बुला लिया और घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना देकर मौके पर बुला लिया गया। बस में सवार यात्रियों की तलाशी ली गई, लेकिन थैला नहीं मिल सका। करीब आधा घंटे तक बस भामाशाह चौक पर रुकी रही। इसके बाद थाने में तहरीर देने की बात कहकर बस को जाने दिया। देर शाम उन्होंने सिविल लाइन पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। यातायात प्रभारी आरएल राजपूत ने बताया कि बस में सवार सभी यात्रियों की तलाशी ली गई, लेकिन किसी के पास थैला नहीं मिला। महिला के परिजन मौके पर आ गए इसके बाद ही बस को रवाना किया गया। महिला ने थाना पुलिस को तहरीर दी है।