बदायूं में इकलौते बेटे की दो पत्नियों से परेशान महिला ने आत्महत्या कर ली। बताया गया है कि दोनों बहुएं एकजुट होकर सास से झगड़ा करती थीं। इससे आहत होकर सास ने जान दे दी।
बदायूं के जरीफनगर थाना क्षेत्र के एक गांव में शुक्रवार सुबह बहू से कहासुनी पर 65 वर्षीय महिला ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। परिवार वालों ने इसकी सूचना थाना पुलिस को नहीं दी। उन्होंने शव को खुद ही फंदे से उतार लिया और अंतिम संस्कार को ले गए। कुछ ही देर में शव का अंतिम संस्कार भी कर दिया गया। इस संबंध में थाना पुलिस ने जानकारी से इन्कार किया है।
विज्ञापन
मामला थाना क्षेत्र के एक गांव का है। यहां की एक महिला के एक बेटा और चार बेटियां हैं। उनमें एक बेटी और बेटे की शादी हो चुकी है। बेटे की दो पत्नियां हैं। दोनों सगी बहनें हैं और एक साथ रहती हैं। सास का उनसे आए दिन विवाद होता रहता था। बेटे की दो पत्नियों की वजह से अक्सर महिला कमजोर पड़ जाती थीं। ग्रामीणों का कहना है कि बृहस्पतिवार शाम भी सास बहू में जमकर विवाद हुआ था। उस दौरान लोगों ने समझा-बुझाकर मामला शांत करा दिया था।
शुक्रवार सुबह परिवार वाले सोकर उठे। सास बहू भी अपने-अपने काम में लग गईं। तभी दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। सास इतनी परेशान हो गई कि उसने घर में फंदे से लटककर जान दे दी। जब परिवार वालों को इसके बारे में पता चला तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने पुलिस को सूचना दिए बगैर ही शव फंदे से उतार लिया और कुछ देर बाद श्मशान ले जाकर उसका अंतिम संस्कार कर दिया।