दातागंज। मजदूरी करने को पति को पत्नी अपने साथ हिमाचल के बद्दी ले गई। युवक की शनिवार को संदिग्ध हालत में मौत हो गई। सूचना पर परिवार के लोग भी हिमाचल पहुंचे और पोस्टमॉर्टम कराने के बाद शव लेकर सोमवार को गांव आ गए। पिता ने पुलिस को बेटे की हत्या का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज करा दी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर हिमाचल में कार्रवाई कराने की बात पुलिस ने परिजनों से कही है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव सिरसा निवासी नेकसू ने बताया कि उसके बेटे मोरपाल (23) की शादी आठ माह पहले हुई थी। पत्नी के परिवार के लोग हिमाचल के बद्दी में रहकर मजदूरी करते हैं। करीब 20 दिन पहले मोरपाल की पत्नी ने कहा कि हिमाचल में उसका परिवार रहता है। वहीं जाकर हम लोग भी मेहनत करके रुपये कमा लेंगे। यह कहकर दोनों चले गए। शनिवार को सूचना मिली कि मोरपाल की मौत हो गई। पिता नेकसू का आरोप है कि बेटे की उसकी पत्नी ने अपने परिवार व बहनोई के साथ मिलकर हत्या की है।
अब पुलिस घटना हिमाचल की बता रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद वह हिमाचल जाकर पुलिस कार्रवाई के लिए तहरीर देंगे। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। इंस्पेक्टर क्राइम राकेश सिंह ने बताया कि एसआई को मौके पर भेजा था। दोनों हिमाचल में रहते थे। वहीं मौत हुई है। पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई वहीं की गई है। परिवार के लोग वहीं तहरीर देकर कार्रवाई करा सकते हैं। घटना से यहां कोई लेना-देना नहीं है।