बदायूं। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 24 अक्तूबर को जिले के दो ब्लॉकों में सामूहिक विवाह समारोह होगा। म्याऊं, उसावां, दातागंज और समरेर ब्लॉक के कुल 320 जोड़े वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दांपत्य जीवन में प्रवेश करेंगे।
समाज कल्याण विभाग के अनुसार, म्याऊं एवं उसावां ब्लॉक के 150 जोड़ों का विवाह उसावां ब्लॉक परिसर में, जबकि दातागंज और समरेर ब्लॉक के 170 जोड़ों का विवाह समरेर ब्लॉक परिसर में संपन्न होगा। कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बुधवार को बीडीओ और सचिवों ने विवाह स्थल का निरीक्षण कर पंडाल, बैठने की व्यवस्था, शुद्ध पेयजल और भोजन के पुख्ता इंतजाम कराए।
मुख्य अतिथि के रूप में दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह वर-वधुओं को आशीर्वाद देंगे। डीडीओ मनोज कुमार सिंह ने बताया कि योजना का उद्देश्य गरीब परिवारों की बेटियों की शादी बिना आर्थिक बोझ के सम्मानपूर्वक कराना है। प्रत्येक नवदंपति को शासन की ओर से निर्धारित आर्थिक सहायता और उपहार सामग्री दी जाएगी। संवाद