शहर के सुभाष चौक पर पानी में बहती कार। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। कई दिनों से पड़ रही उमस भरी गर्मी से लोगों को जीना मुहाल हो गया था, रविवार को दोपहर बाद जमकर दो घंटे बारिश हुई। इस बारिश ने नगर पालिका के जल निकासी के प्रबंधों की पोल खोल दी। पानी का निकास नहीं होने से पूरे शहर में जलभराव हो गया। हालात ये थे कि डेढ़ घंटे की बारिश में शहर की अधिकतर सड़कें जलमग्न हो गईं। कई घरों, दुकानों के अंदर तक पानी तक भर गया। वहीं सड़कों पर कारें बहने लगीं।
रविवार को दोपहर बाद करीब एक बजे से झमाझम बारिश का दौर शुरू हुआ। लगभग डेढ़ घंटे तक जमकर हुई बारिश से शहर की अधिकतर सड़कों की हालत यह हो गई कि कहीं एक तो कहीं ढाई फुट तक पानी भर गया। सुभाष चौक, टिकटगंज, छह सड़का रोड पर ढाई फीट तक पानी भर गया। इसकी वजह से सुभाष पर चौक पर सड़क पर खड़ी कार तक बहने लगी। वहां पर खड़े लोगों ने कार को पकड़ कर एक साइड में खड़ा करवा। इधर शहर के मुख्य बाजार, जोगीपुरा, गांधी ग्राउंड आदि बाजार की सड़कें भी पानी में डूब गईं। व्यापारियों के अनुसार सभी नाले चोक हैं, सही से आज तक सफाई नहीं हुई। इसकी वजह ये शहर में सड़कों पर जलभराव हो गया। जलमग्न हुईं सड़कों के कारण दुकानदार, अपनी दुकानों के भीतर कैद से रह गए। बारिश के बाद बाजार में खरीदारी पूरी तरह ठप हो गई, ऐसे में कई दुकानदार शटर गिराकर घर चले गए। वहीं गली, मोहल्लों की स्थिति और भी ज्यादा खराब थी। वहां पर घरों में नालियों का गंदा पानी घुस गया। इससे उन्हें काफी परेशानी हुई।
-
दुकानों में भरे पानी से सामान हुआ खराब
रविवार को हुई बारिश के बाद शहर के हालात ही बदल गए। सड़कों पर जलभराव होने से कई दुकानों में पानी भर गया। इसमें सबसे ज्यादा नुकसान कपड़ों, किराना, खाद आदि की दुकानों में हुआ। वहीं बारिश का पानी में भर गया। इससे घरों पर जमीन पर रखी चीजें खराब हो गया।