रविवार को आसमान में छाए बादल। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। कई दिन बादल छाए रहने के बाद रविवार सुबह तेज हवाओं के साथ फुहार ने भीषण गर्मी में काफी राहत दी। रविवार 12 जून के मुकाबले अधिकतम तापमान में नौ डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान भी गिरा है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि आने वाले तीन से चार दिन तक तापमान 40 डिग्री के नीचे बना रहेगा।
मई के अंतिम सप्ताह से ही तापमान लगातार बढ़ रहा था। इस दौरान अधिकतम तापमान 45-47 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ था। भीषण गर्मी और उमस के कारण जन मानस व्याकुल था। पिछले तीन दिन से आसमान में बादल तो छा रहे थे, लेकिन बारिश नहीं हो रही थी। हालांकि, बादल छाने के बाद शुक्रवार से ही तापमान में कमी आनी शुरू हो गई थी। रविवार को सुबह तेज हवाओं के साथ मानसूनी फुहारों ने काफी राहत दी। रविवार को अधिकतम तापमान गिर कर 38 डिग्री सेल्सियस तक आ गया। न्यूनतम तापमान 27 डिग्री के आस-पास दर्ज किया गया।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. आलोक सागर गौतम का कहना है कि तीन से चार दिन तक घने बादल छाने के साथ फुहारें और बौछार होने की उम्मीद है। जून के अंत तक बदायूं समेत आस-पास के जिलों में मानसून पूरी तरह से सक्रिय होने का अनुमान है। हालांकि, बृहस्पतिवार से एक बार तापमान फिर चढ़ेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान 42 डिग्री के पार हो सकता है।