झुलसाने वाली धूप में लोग गमछे से चेहरा ढक कर निकल रहे। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। कुछ घंटे की राहत के बाद मंगलवार को दिन में पारा फिर से चढ़ गया। मंगलवार को अधिकतम तापमान 44.6 और न्यूनतम 33.1 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया। सोमवार रात अचानक से बदले मौसम के बाद कुछ राहत मिली थी, लेकिन मंगलवार को भीषण गर्मी फिर से पसीना छुड़ाने लगी। मौसम जिस तरह से करवट बदल रहा है उसके साथ मौसम विशेषज्ञों के अनुमान भी इन दिनों फेल हो रहे हैं।
सोमवार को अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया इससे पहले रविवार को अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री के आस-पास रहा। सोमवार को दिन भर बादल छाए रहने के बाद भी उमस लोगों को बेचैन करती रही। मौसम विशेषज्ञों ने अनुमान जताया था कि अभी कम से कम एक सप्ताह तक भीषण गर्मी से कोई राहत नहीं मिलेगी, लेकिन सोमवार रात तेज हवा और कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी के बाद तापमान में गिरावट आई।
मंगलवार को आसमान पूरा दिन साफ रहा तेज धूप के कारण उमस बढ़ गई और सोमवार के मुकाबले मंगलवार को तापमान और भी बढ़ गया। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 33.1 डिग्री के आसपास रहा जो सोमवार को 33.6 डिग्री दर्ज किया गया था।
डॉ. हेमवती नंदन बहुगुणा यूनिवर्सिटी के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आलोक सागर गौतम का कहना है कि सोमवार रात तेज हवा के बाद मौसम में कुछ बदलाव जरूर आया था, लेकिन पूर्वानुमान अब भी सटीक हैं। बुधवार और बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान में इजाफा होगा और यह 47 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है। 22 मई के बाद कुछ सुधार होने की उम्मीद है। इन दिनों आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है।