बदायूं। मौसम में बदलाव का सिलसिला बुधवार को भी जारी रहा। बुधवार को दिन में तो बादल छाए रहे, लेकिन शाम के वक्त तेज आंधी आई। इस दौरान कई स्थानों पर बूंदाबांदी भी हुई। इससे तापमान में कुछ गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विशेषज्ञों का पूर्वानुमान है कि अगले दो दिन में तेज बारिश हो सकती है।
मौसम कई दिन से करवट बदल रहा है। बादल छाए हुए हैं। इस दौरान कई बार बूंदाबांदी भी हो चुकी है। मंगलवार को सुबह के साथ बूंदाबांदी होने के बाद तापमान में खास कमी नहीं आई थी। दोपहर के वक्त धूप खिलने से तापमान में इजाफा हुआ था। मौसम विशेषज्ञों ने पहले ही पूर्वानुमान जताया था कि इस सप्ताह बादल छाए रहेंगे। कई बार तेज आंधियां भी आ सकती हैं। मंगलवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया था। बुधवार को दिन में कई बार धूप भी खिली। दोपहर के वक्त उमस भी पैदा हुई, लेकिन शाम को मौसम ने फिर से करवट बदली। शाम करीब छह बजे के बाद तेज आंधी शुरू हो गई। कई स्थानों पर बूंदाबांदी भी हुई। इससे अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास आ गया। मौसम विशेषज्ञों का पूर्वानुमान है कि बृहस्पतिवार और शुक्रवार को कई स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर बारिश के साथ तेज हवाएं भी चलेंगी।