मूसाझाग। आमगांव में मानक के अनुरूप बिजली की केबल न डालने पर ग्रामीणों ने हंगामा किया। उनका कहना था कि मानक के अनुरूप केबल न पड़ने पर उन्हें समस्या होगी। ग्रामीणों के हंगामे को देखकर ठेकेदार ने कुछ जगहों पर सही केबल डाल दी पर उनके जाने पर वही स्थिति हो गई।
आमगांव में बिजली के तार काफी जर्जर हो चुके हैं। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत कई बार अधिकारियों से की थी, इस पर खंभों से लोहे का तार उतारकर नई केबल डाली जा रही है। शुक्रवार को ग्रामीणों ने केबल डाल रहे कर्मचारियों से गुणवत्ता और मोटाई के बारे में पूछा तो पता चला कि 50 एमएम की केबल डाली जा रही है, जबकि ग्रामीणों के अनुसार यहां 95 एमएम की केबल डाली जानी है। मानक के अनुरूप केबल न पड़ने पर काफी ग्रामीण एकत्र हो गए और हंगामा करने लगे।
हंगामा बढ़ता देख ठेकेदार ने मानक के अनुसार केबल डालना शुरू कर दिया। बताते हैं कि जब ग्रामीण चले गए तो पुन: 50 एमएम की केबल डाली जाने लगी। ठेकेदार की इस हरकत से ग्रामीणों में रोष है। इधर जेई सचिन राणा ने बताया कि गांव में लोड के हिसाब से केबल डाली गई है। कहीं भी मानक के विपरीत नहीं है। संवाद