बिल्सी। विकास खंड अंबियापुर क्षेत्र के गांव नागरझूना में विकास के दावों की पोल खुलती नजर आ रही है। गांव की मुख्य सड़क लंबे समय से जलभराव के कारण तालाब में तब्दील हो चुकी है। इससे परेशान ग्रामीणों का गुस्सा शुक्रवार को फूट पड़ा।
नाराज ग्रामीणों ने जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि मुख्य सड़क पर जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण गंदा पानी लगातार जमा रहता है। इससे राहगीरों और स्कूली बच्चों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को मजबूरी में गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है।
ग्रामीण चांद बाबू ने बताया कि समस्या को लेकर कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिला। कल्लो बेगम ने कहा कि पानी भरे होने के कारण सड़क के गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे कई लोग गिरकर घायल हो चुके हैं। पप्पू सिंह ने आरोप लगाया कि संबंधित अधिकारियों को बार-बार अवगत कराने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
अतुल कश्यप ने चेताया कि जलभराव के कारण क्षेत्र में संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कर सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई, तो वे तहसील मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। प्रदर्शन में चाँद बाबू, कल्लो बी, पप्पू सिंह आदि मौजूद रहे। उधर, अंबियापुर की बीडीओ शैली गोविल ने बताया कि मामला संज्ञान में आ गया है और जल्द ही जलभराव की समस्या का समाधान कराया जाएगा।
सड़क बनी तालाब, महीनों से भरा है नाले का पानी
- हसनपुर में सीसी मार्ग पर जलभराव से लोगों में नाराजगी, शिकायतों के बाद भी नहीं हुई सुनवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
कुंवरगांव। सालारपुर ब्लाॅक क्षेत्र के गांव हसनपुर में उच्च प्राथमिक विद्यालय के सामने इमलिया मार्ग पर प्रशासनिक लापरवाही का खामियाजा ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। यहां सीसी सड़क पर गांव के नाले का पानी पिछले कई महीनों से जमा है, जिससे सड़क तालाब में तब्दील हो गई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि समस्या को लेकर कई बार अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन जिम्मेदारों ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। नतीजतन इमलिया गांव को जाने वाले लोगों को रोजाना गंदे पानी और कीचड़ से होकर गुजरना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को हो रही है। सड़क पर फिसलन होने के कारण दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन समाधान के नाम पर केवल आश्वासन ही मिला है।ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने नाले की नियमित सफाई और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है।
जलभराव की समस्या को लेकर प्रदर्शन करते ग्रामीण। संवाद