बदायूं। उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ की ओर कैंप कार्यालय पर शुक्रवार को बैठक हुई। इसमें ग्राम सचिवों की मनमानी के चलते सफाईकर्मियों को उपकरण उपलब्ध न कराने को लेकर रोष जताया गया।
ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष लालबहादुर सिंह ने बताया कि जनपद में पंचायती राज विभाग के अधीन लगभग 1571 सफाई कर्मचारी ग्रामीण क्षेत्रों में 17 वर्षों से कार्यरत हैं। ये कर्मचारी नियमित रूप से साफ-सफाई का काम निजी खर्चे से सफाई उपकरण खरीदकर कर रहे हैं। अधिकांश सफाई कर्मचारियों को ग्राम पंचायत सचिवों द्वारा सफाई उपकरण तक उपलब्ध नहीं कराए जा रहे।
संघ के अनुरोध पर जिला पंचायत राज अधिकारी समय-समय पर सफाई उपकरण उपलब्ध कराने के आदेश जारी करते हैं। लेकिन उक्त आदेशों के बाद भी ग्राम सचिवों द्वारा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए, जिससे कर्मचारियों को खुद झाड़ू खरीदनी पड़ रही है। संघ ने चेतावनी दी है कि जल्द व्यवस्था न हुई तो आंदोलन किया जाएगा। मामले में डीपीआरओ से जांच कर दोषी सचिवों पर कार्रवाई की मांग की गई है।