बदायूं। 12 से 14 साल के बच्चों का टीकाकरण बृहस्पतिवार से शुरू हो जाएगा। इसके लिए बदायूं को कोर्बिवैक्स वैक्सीन की 71 हजार वायल मिल गईं हैं। एक वायल से 20 बच्चों को टीका लगाया जा सकेगा। यहां दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) में औपचारिक रूप से टीकाकरण प्रारंभ किया जाएगा। डीएम दीपा रंजन शुभारंभ करेंगी।
कोरोना टीकाकरण 16 जनवरी 2021 से शुरू हुआ था। पहले चरण में सरकारी और निजी स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाया गया। इसके बाद फ्रंट लाइन वर्कर्स को टीका लगाया गया। जिले ने पहले टीके का शत प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लिया है। दूसरा टीके के मामले में 85 फीसदी से ज्यादा लक्ष्य पूरा हो चुका है।
15 से 18 वर्ष के किशोर-किशोरियों का टीकाकरण इस वर्ष 10 जनवरी से शुरू हुआ था। यहां 2.19 लाख टीका लगाने का लक्ष्य है। लक्ष्य के सापेक्ष पहला टीका 93 और दूसरा 36 फीसदी किशोर-किशोरियों को लगाया जा चुका है।
अब बुधवार से जिले में 12 से 14 वर्ष के बच्चों का टीकाकरण शुरू किया जाएगा। इसके लिए 1.32 लाख का लक्ष्य मिला है। बच्चों को कोविशील्ड और कोवैक्सीन के स्थान पर कोर्बिवैक्स का टीका लगाया जाएगा। पहला टीका लगाने के 28 दिन बाद दूसरा टीका लगेगा।
-
जिले में पहली बार होगा कोर्बिवैक्स वैक्सीन का इस्तेमाल
अब तक हुए टीकाकरण में जिले में कोविशील्ड और कोवैक्सीन का इस्तेमाल किया गया है। अब पहली बार बच्चों के टीकाकरण में कोर्बिवैक्स का इस्तेमाल किया जाएगा। एक बार में कोर्बिवैक्स वैक्सीन की 0.5 मिलीलीटर खुराक दी जाएगी। वैक्सीन को दो से आठ डिग्री के तापमान में रखा गया है।
-------------
बुधवार से जिले में 12 से 14 वर्ष तक के बच्चों का टीकाकरण शुरू हो जाएगा। जिले को कोर्बिवैक्स की 71 हजार वायल की सप्लाई मिल गई है। बुधवार को पहले दिन डीपीएस में एक ही टीकाकरण केंद्र बनाया गया है। टीकाकरण के लिए लक्ष्य भी मिल गया है। पूरी सावधानी के साथ बुधवार से टीकाकरण शुरू कर दिया जाएगा।
-डॉ. प्रदीप वार्ष्णेय, सीएमओ