बदायूं। कोरोना की तीसरी लहर और ओमिक्रॉन वैरिएंट के खतरे के मद्देनजर जिले में 2.19 लाख किशोर और किशोरियों को कोरोना का टीका लगाया जाएगा। शासन स्तर से इस संबंध में गाइड लाइन जारी कर दी गई हैं। 15 से 18 वर्ष तक के किशोर और किशोरियों के टीकाकरण का अभियान तीन से 15 जनवरी तक चलेगा।
टीकाकरण का लक्ष्य शासन से मिल गया है। इसमें प्रतिदिन कम से कम 20 हजार टीके लगाए जाएंगे। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग ने जिले भर के इंटर कॉलेजों में तीन से 15 जनवरी तक लगातार 12 दिन टीकाकरण कैंप लगाने का निर्णय लिया है। इस दौरान प्रतिदिन 280 से 300 टीकाकरण कैंप लगाए जाएंगे।
इन दिनों भी प्रतिदिन औसतन 280 केंद्रों पर टीकाकरण किया जा रहा है। 15 से 18 वर्ष के किशोर और किशोरियों के टीकाकरण के दौरान इन केंद्रों की संख्या काफी कम हो जाएगी। इसके बाद 10 जनवरी से स्वास्थ्य कर्मियों को बूस्टर डोज देने का अभियान भी शुरू किया जाएगा। संवाद
जिले में 15 से 18 वर्ष तक के किशोर और किशोरियों का टीकाकरण अभियान तीन से 15 जनवरी तक चलाया जाएगा। इस दौरान एक लाख 19 हजार किशोर और किशोरियों को टीका लगाया जाएगा। जिले को प्रतिदिन 20 हजार टीके लगाने का लक्ष्य मिला है। टीकाकरण में कोवैक्सीन का इस्तेमाल किया जाएगा। -डॉ. मोहम्मद असलम, एसीएमओ/नोडल अधिकारी टीकाकरण