मेला ककोड़ा का उदघाटन करते केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा व अन्य। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। रुहेलखंड के मिनी कुंभ मेला ककोड़ा का बृहस्पतिवार को केंद्रीय सहकारिता और पूर्वोत्तर राज्य विकास राज्यमंत्री बीएल वर्मा और जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव ने फीता काटकर शुभारंभ किया। जिला पंचायत अध्यक्ष के साथ केंद्रीय राज्यमंत्री हेलिकॉप्टर से मेला स्थल पहुंचे। उनके साथ पूर्व एमएलसी जितेंद्र यादव भी मौजूद रहे। मेला उद्घाटन के दौरान हेलिकॉप्टर से पूरे मेले पर जिला पंचायत सदस्यों ने पुष्प वर्षा भी की।
मेला ककोड़ा में कोतवाली के पास बने हेलिपैड पर दोपहर बाद करीब 2:40 बजे हेलिकॉप्टर उतरा। केंद्रीय राज्यमंत्री वर्मा, जिपं अध्यक्ष वर्षा यादव व पूर्व एमएलसी जितेंद्र यादव उतरे तो अधिकारियों समेत जिले के अन्य जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद जिपं अध्यक्ष वर्षा यादव व केंद्रीय राज्यमंत्री ने मेला के मुख्य गेट का फीता काटा। इसके बाद स्काउट गाइड कैंप और फिर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। गंगा घाट पर कैंप कार्यालय में इन अतिथियों के साथ ही डीएम दीपा रंजन, एसएसपी डॉ. ओपी सिंह समेत अन्य अधिकारियों ने बैठक की। कैंप कार्यालय पर अधिकारियों की बैठक के दौरान हेलिकॉप्टर ने मेला स्थल के कई राउंड लगाए। इससे पहले मेले में लगी प्रदर्शनी में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। केंद्रीय राज्यमंत्री ने जिला पंचायत अध्यक्ष समेत अन्य अधिकारियों के साथ प्रदर्शनी को देखा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी शिरकत की। मेला स्थल पर कोतवाली के सामने बनाए गए हेलिपैड पर सुबह से ही ग्रामीणों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई।
शामिल नहीं हुए नगर विकास राज्यमंत्री
नगर विकास राज्यमंत्री महेश गुप्ता मिनी कुंभ मेला ककोड़ा के शुभारंभ में शामिल नहीं हुए। हालांकि, जिले में भाजपा के अन्य विधायक और सांसदों समेत ज्यादातर जनप्रतिनिधि मेले में पहुंचे। भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता समेत अन्य पदाधिकारी भी शामिल रहे। नगर विकास राज्यमंत्री का न आना चर्चा का विषय रहा। अक्सर नगर विकास राज्यमंत्री महेश गुप्ता को जिले में आयोजित होने वाले ज्यादातर कार्यक्रमों में केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा के साथ देखा जाता है। कई बार दोनों लोग एक ही कार से पहुंचते हैं। नगर विकास राज्यमंत्री से इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने बताया कि लखनऊ में एक कार्यक्रम की वजह से व्यस्त थे, देर शाम तक मेला आ जाएंगे।